- टवाना जमाल एक प्रमुख मानव तस्कर है, वो 2016 में फ्रांस में पांच साल की जेल की सजा भुगत चुका है
- जेल से रिहाई के बाद उसे इराक के कुर्दिस्तान भेजा जाना था, लेकिन वह ब्रिटेन के ब्लाबी गांव में रह रहा है
- जमाल ने दावा किया है कि वह 2009 से ब्रिटेन में है और शरण के लिए आवेदन कर चुका है
इराक का एक अपराधी, जिसे 'तस्करों का गॉडफ़ादर' कहा जाता है, अब ब्रिटेन में है. माना जा रहा है कि वह गैर-कानूनी तरीके से काम करते हुए खुद शरण पाने की कोशिश कर रहा है. टवाना जमाल को 2016 में फ्रांस में पांच साल की जेल हुई थी. उसे प्रवासियों की तस्करी करके उन्हें चैनल के रास्ते ब्रिटेन भेजने और इस काम से हर हफ्ते £100,000 तक कमाने के आरोप में पकड़ा गया था. अधिकारियों का कहना है कि जमाल (जो उस समय 36 साल का था) उनके द्वारा पकड़े गए सबसे सफल मानव तस्करों में से एक था. वह प्रवासियों को ब्रिटेन लाने के लिए हर व्यक्ति से £4,500 लेता था.
इराक के कुर्दिस्तान जाना था
डेली मेल के अनुसार, जेल से रिहा होने के बाद जमाल को इराक के कुर्दिस्तान वापस भेजा जाना था, लेकिन अब पता चला है कि वह लीसेस्टरशायर के ब्लाबी गांव में रह रहा है. रिपोर्टरों ने उसे एक दुकान पर काम करते, बिना लाइसेंस के कार चलाते और शायद नकली नाम का इस्तेमाल करते हुए देखा. एक सूत्र ने झूठा बहाना बनाकर उससे फोन पर बात की, जिसमें जमाल ने बताया कि वह अब लीसेस्टर में रहता है. उसने बताया कहा कि वह अच्छे पैसे कमा रहा है' और उसे पकड़े जाने की कोई चिंता नहीं है क्योंकि यहां कोई हमें छूता नहीं है.
पूरे अकड़ में है टवाना जमाल
टवाना जमाल ने दावा किया कि वह 2009 से UK में है और उसने शरण के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी भी इंतजार कर रहा है. उसने दावा किया कि उस पर कोई केस नहीं है और कभी कोई अपराध नहीं किया है. जब उसे 2016 में फ्रांस की अदालत में उसकी एक तस्वीर दिखाई गई और पूछा गया कि क्या यह इस बात का सबूत है कि उसे गिरफ्तार किया गया था, तो उसने जवाब दिया, 'मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता'.
क्या ब्रिटेन अपराधियों को देता है शरण
UK में जमाल की मौजूदगी से यह सवाल उठता है कि गंभीर अपराधों के दोषी लोग शरण के लिए आवेदन कैसे कर पाते हैं. कानून के मुताबिक, जिस किसी ने भी विदेश में एक साल या उससे ज्यादा समय जेल में बिताया है, उसे शरण देने से साफ इनकार कर दिया जाना चाहिए. डाउनिंग स्ट्रीट ने आज कहा कि वे उन रिपोर्टों की तुरंत जांच कर रहे हैं, जिनमें कहा गया है कि जमाल अब UK में रह रहा है.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऑफिस की प्रवक्ता ने पत्रकारों से कहा, 'मैं व्यक्तिगत मामले पर ज्यादा कुछ नहीं कह सकती, लेकिन इन खबरों से जनता को गहरा सदमा लगा है और हम तथ्यों का पता लगाने के लिए तुरंत काम कर रहे हैं. हम अपने इमिग्रेशन सिस्टम के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं करेंगे और इसीलिए हम लगभग एक दशक में सबसे अधिक दर से उन लोगों को निर्वासित कर रहे हैं, जिन्हें यहां रहने का कोई अधिकार नहीं है.'
यह भी पढ़ें-
भारत-जापान ने तकनीक से लेकर डिफेंस पर मिलाया हाथ, आतंकवाद के खिलाफ भी बनी सहमति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं