- केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है
- राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री की सलाह पर मंत्री परिषद ने बिट्टू का इस्तीफा तत्काल स्वीकार किया है
- सूत्रों की जानकारी के अनुसार बिट्टू की पंजाब विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका हो सकती है.
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उनके इस्तीफे को राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है. राष्ट्रपति कार्यालय से मिली जानकारी में बताया गया है कि पीएम की सलाह पर मंत्री परिषद से रवनीत सिंह का इस्तीफा स्वीकार किया गया है. उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार हुआ है. सूत्रों से जानकारी मिली है कि वह पंजाब के विधानसभा चुनाव में उतर सकते हैं. पार्टी उन्हें इलेक्शन में अहम भूमिका दे सकती है. इसके अलावा वह खुद भी किसी अहम सीट से उतर सकते हैं. लंबे समय से इसकी चर्चा थी कि रवनीत सिंह बिट्टू को केंद्रीय मंत्री की जिम्मेदारी से हटाकर पंजाब भेजने पर विचार चल रहा है.
रवनीत सिंह बिट्टू सिख चेहरे हैं और भाजपा के लिए पंजाब में मुफीद नेता हैं. ऐसे में पार्टी चाहती है कि उन्हें पंजाब में महत्वपूर्ण भूमिका दी जाए. बिट्टू का नाता पंजाब के प्रभावशाली परिवार से है. उनके दादा बेअंत सिंह पंजाब के पूर्व सीएम रहे थे. रवनीत सिंह बिट्टू को राज्यसभा के रास्ते मंत्री परिषद में जगह मिली थी. उनका राज्यसभा सांसद के तौर पर कार्यकाल जून में ही समाप्त हो गया था. लेकिन उन्हें दोबारा राज्यसभा नहीं भेजा गया था. तब से ही चर्चा थी कि शायद रवनीत सिंह बिट्टू को अब मंत्री पद से ही हटाया जाएगा. उन्हें पंजाब में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने के चर्चे हैं.
बता दें कि भाजपा पंजाब में बहुत मजबूत नहीं रही है, लेकिन बीते कुछ सालों में सुनील जाखड़, कैप्टन अमरिंदर सिंह, रवनीत सिंह बिट्टू, केवल सिंह ढिल्लो जैसे कई चर्चित नेता पार्टी में उभरे हैं. अगले साल मार्च-अप्रैल में यूपी, पंजाब, उत्तराखंड समेत 5 राज्यों में चुनाव होने वाले हैं. पंजाब में फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस में अंतर्कलह की स्थिति है. ऐसे में भाजपा को लगता है कि यह उसके लिए अच्छा मौका है, जिसमें वह खुद को मजबूत कर सकती है. कहा जा रहा है कि भाजपा राज्य में अकेले ही उतरने की तैयारी में है. ऐसे में सिख चेहरों को भी वह काफी तवज्जो दे रही है. अब तक पंजाब में भाजपा को शहरी हिंदुओं की पार्टी के तौर पर जाना जाता था, लेकिन वह अपने सामाजिक विस्तार के लिए तमाम कोशिशें कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं