- ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद अब ईरान ने भी इजरायल पर हमले शुरू कर दिए हैं.
- इजरायल पर कई मिसाइल हमले किए गए, कुछ मिसाइलें मार गिराई गईं जबकि कई ने विभिन्न स्थानों पर नुकसान पहुंचाया है.
- कुवैत पर भी ईरान ने ड्रोन हमले किए, लेकिन कुवैत के एयर डिफेंस सिस्टम ने आत्मघाती ड्रोन नष्ट कर दिया.
अमेरिका-इजरायल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या ने मिडिल ईस्ट में भूचाल ला दिया है. खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद ईरान ने इजरायल सहित मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर फिर से हमला किया है. इजरायल पर ईरान ने कई मिसाइलें फायर की है. जिसमें कई को मार गिराया गया, लेकिन कई अलग-अलग जगहों पर गिरे भी हैं. इससे नुकसान भी पहुंचा है. साथ ही कुछ मिसालइ बिना फायर हुए भी गिरे हैं. मिसाइल के साथ-साथ ईरान ने ड्रोन से भी हमले तेज कर दिए हैं. इजरायल के बेत शेमेश में ईरान के बैलेस्टिक मिसाइल हमले में 5 लोगों की मौत की खबर सामने आई है. वहीं 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों में कई बच्चे भी हैं.
इजरायल के बेत शेमेश में 5 की मौत, 20 घायल, राहत-बचाव कार्य जारी
बेत शेमेश में ईरानी हमले के बाद होम फ्रंट कमांड के बचाव और राहत दल, मेडिकल टीम के साथ जुटे हैं. होम फ्रंट कमांड के कमांडर घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं. आईडीएफ (IDF) प्रवक्ता ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि प्रक्रिया के अनुसार बेत शेमेश में दुर्घटना स्थल पर पूर्व चेतावनी और अलर्ट सक्रिय कर दिए गए थे.
4 in 'SERIOUS and CRITICAL conditions' among 20 wounded by Iranian missile hit in Beit Shemesh — Magen David Adom https://t.co/R1vIvSJ9Cw pic.twitter.com/7nqpLmS9O2
— RT (@RT_com) March 1, 2026
इजरायल, कुवैत पर ईरान का हमला
AFP की रिपोर्ट के हवाले से इजरायल पर ईरान के भीषण मिसाइल हमले के बाद हताहतों और नुकसान की शुरुआती खबरें सामने आने लगी हैं. इजरायली बचाव दल (रेस्क्यू टीमें) घटनास्थल पर तैनात हैं और मलबे के बीच राहत कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं. ईरान ने कुवैत को निशाना बनाते हुए नया हमला किया है. हालांकि, कुवैत के मुस्तैद एयर डिफेंस सिस्टम ने समय रहते इन आत्मघाती ड्रोनों को हवा में ही मार गिराया और एक बड़ी तबाही को टाल दिया.
ईरान ने खामेनेई की हत्या का बदला लेने की कसम खाई
इजरायल और अमेरिका के हमले में खामेनेई की मौत पर ईरान ने बदला लेने की चेतावनी दी है. ईरान के इस्लामिक रिपब्लिक गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने सरकारी टेलीविजन पर सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद, उनके हत्यारों को सजा देने की कसम खाई है और वादा किया कि जवाब अमेरिका और इजरायल के खिलाफ इतिहास का सबसे भयानक हमला होगा.
ईरान ने कहा- हम इमाम के हत्यारों को देंगे सजा
अपने आधिकारिक टेलीग्राम पेज पर पोस्ट किए गए एक बयान में IRGC ने कहा, "उम्माह के इमाम के हत्यारों को कड़ी, पक्की और अफसोसनाक सजा देने के लिए ईरानी राष्ट्र का बदला लेने का हाथ उन्हें जाने नहीं देगा. आईआरजीसी, आर्म्ड फोर्सेज और बासिज फोर्सेज अपने नेता की विरासत को बचाने, अंदरूनी और बाहरी साजिशों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहने और इस्लामिक देश के खिलाफ हमलावरों को सबक सिखाने वाली सजा देने में उनके रास्ते पर मजबूती से चलते रहेंगे."
यह भी पढ़ें - ईरान ने इजरायल पर शुरू किया बड़ा हमला, कुवैत पर भी ड्रोन अटैक, पढ़ें पल-पल के अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं