- अमेरिका और ईरान के बीच करीब 21 घंटे चली बातचीत परमाणु मुद्दे पर सहमति न बनने के कारण बेनतीजा रही.
- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज की नाकाबंदी का आरोप लगाते हुए उसे पूरी दुनिया के लिए खतरा बताया.
- ट्रंप ने US नेवी को निर्देश दिया है कि होर्मुज में टोल देने वाले जहाजों को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में रोकें.
ईरान के बाद अब अमेरिका तेल की कीमत में आग लगाएगा. इस बात के संकेत रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्रूथ सोशल पोस्ट से मिली है. ट्रंप का यह पोस्ट इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत के बाद की है. करीब 21 घंटे तक यह बातचीत बेनतीजा रही. अब इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखे एक लंबे पोस्ट में इस्लामाबाद में हुई बातचीत के बारे में काफी डिटेल से जानकारी दी. ट्रंप ने इस पोस्ट में ईरान को फिर से लताड़ लगाई. साथ ही होर्मुज के टोल टैक्स को लेकर पूरी दुनिया को एक बड़ी चेतावनी भी दी. वैश्विक तेल कारोबार के अहम समुद्री रास्ते होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान की नाकाबंदी से परेशान ट्रंप ने दुनिया को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान को टोल देने वाले देशों को रास्ता नहीं देंगे.
ट्रंप ने होर्मुज नाकाबंदी पर दुनिया को क्या दी चेतावनी
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पोस्ट पर लिखे लंबे पोस्ट में होर्मुज नाकाबंदी पर लिखा- "मैंने अपनी (US) नेवी को यह निर्देश दिया है कि वे अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मौजूद हर उस जहाज को ढूंढ़ें और रोकें, जिसने ईरान को कोई टोल दिया है. जो कोई भी गैर-कानूनी टोल देगा, उसे खुले समुद्र में सुरक्षित रास्ता नहीं मिलेगा." ट्रंप के कहे अनुसार यदि निकट भविष्य में ऐसा होने लगा तो यह सच है कि दुनिया में तेल-गैस की किल्लत का एक और नया दौर आएगा.

होर्मुज को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ट्रूथ सोशल पोस्ट.
ट्रंप बोले- ईरान ने होर्मुज खोलने का वादा किया था
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पोस्ट पर लिखा, 'ईरान ने होर्मुज खोलने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने जानबूझकर ऐसा नहीं किया. इससे दुनिया भर के कई लोगों और देशों में चिंता, अव्यवस्था और पीड़ा फैली. उनका कहना है कि उन्होंने पानी में बारूदी सुरंगें बिछाईं, जबकि उनकी पूरी नौसेना और उनके अधिकांश "बारूदी सुरंग बिछाने वाले यंत्र" पूरी तरह से नष्ट हो चुके हैं."
ट्रंप ने आगे लिखा- हो सकता है उन्होंने ऐसा (बारूदी सुरंगें बिछाई) किया हो, लेकिन कौन सा जहाज मालिक ऐसा जोखिम लेना चाहेगा? ट्रंप ने लिखा- जैसा कि उन्होंने वादा किया था, उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग को जल्द से जल्द खोलने की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए! वे हर कानून का उल्लंघन कर रहे हैं.

ट्रंप ने लिखा- परमाणु मुद्दें पर नहीं बनी सहमति
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुई बातचीत के बारे में ट्रंप ने यह भी लिखा कि ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन गई, लेकिन एकमात्र महत्वपूर्ण मुद्दा, परमाणु पर सहमति नहीं बनी. उन्होंने फिर होर्मुज की बात दोहराते हुए लिखा- विश्व की सर्वश्रेष्ठ अमेरिकी नौसेना होर्मुज में प्रवेश करने या बाहर निकलने की कोशिश करने वाले सभी जहाजों की नाकाबंदी शुरू करेगी.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा- ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायु सेना खत्म हो चुकी है, उनके विमानरोधी और रडार बेकार हो चुके हैं, खामेनेई और उनके अधिकांश नेता मारे जा चुके हैं, यह सब उनकी परमाणु महत्वाकांक्षा के कारण हुआ है. जल्द ही नाकाबंदी शुरू होगी. अन्य देश भी इस नाकाबंदी में शामिल होंगे. ईरान को इस अवैध जबरन वसूली से लाभ कमाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
ट्रंप की चेतावनी का मतलब समझिए
ट्रंप की यह चेतावनी दुनिया के उन देशों के लिए है, जो ईरान को टोल देकर होर्मुज से अपना जहाज पार कराएंगे. ट्रंप की पाबंदी का मतलब है कि यदि कोई देश होर्मुज से पार करने के लिए ईरान को टोल देता है तो वहां से निकलने के बाद आगे यूएस नेवी उन जहाजों को रोकेंगे और समुद्री रास्ते का उपयोग नहीं करने देंगे. हालांकि यह साफ नहीं है कि पूरी दुनिया के समुद्री रास्ते पर अमेरिका का जोर कितना चलेगा.
यह भी पढे़ं - डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान-अमेरिका शांति वार्ता की बताई एक-एक बात, आगे का प्लान भी बताया
यह भी पढ़ें - ईरान पर हमलों के बीच ट्रंप ने होर्मुज खोलने को लेकर कब क्या-क्या दिए बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं