अमेरिका और ईरान के बीच जंग तीसरे दिन में पहुंच चुका है. ईरान की सेना अपने सुप्रीम लीडर को खोने के बाद भी अमेरिका और इजरायल के हमलों का जवाब दे रही है. कुवैत के अंदर ईरान ने कई अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराए हैं. कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सोमवार, 2 मार्च की सुबह कई अमेरिकी युद्धक विमान (फाइटर जेट) कुवैत में दुर्घटनाग्रस्त हो गए. हालांकि इनमें सवार चालक दल बच गए. ईरान इन फाइटर जेट को गिराने का दावा कर रहा है.
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार कुवैत के रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "आज सुबह कई अमेरिकी युद्धक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए. यह पुष्टि करते हुए कि चालक दल के सभी सदस्य बच गए हैं." उन्होंने कहा कि इसक कारण की जांच की जा रही है. बयान में कहा गया, "अधिकारियों ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया, चालक दल को निकाला और उनका मेडिकल एसेसमेंट किया गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. उन्होंने कहा कि उनकी हालत स्थिर है."
ईरान ने किया कुवैत में हमले का दावा
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार ईरान सेना का कहना है कि उसने कुवैत में अमेरिकी अली अल सलेम एयरबेस को निशाना बनाया है. इतना ही नहीं ईरान ने अमेरिकी F-15 फाइटर जेट को गिराने की जिम्मेदारी भी ली है. सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक फाइटर जेट को क्रैश होते और हवा में ही पायलट को इजेक्ट करते देखा जा सकता है. वीडियो में आसमान से एक पैराशूट नीचे उतरता हुआ दिखाई दे रहा है. कुछ अन्य वीडियो जो स्थानीय मीडिया ने दिखाए हैं, उनमें फाइटर जेट से बाहर निकलने के बाद पायलट जमीन पर दिखाई दे रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं