विज्ञापन

मुस्लिम बहुल इंडोनेशिया में हिंदू पर्व को गाली देने वाला गिरफ्तार, अब 5 साल की हो सकती है कैद

इंडोनेशियाई पुलिस के अनुसार लुजियन एंड्रिन जग्रैगन नाम के इस आरोपी को नफरत फैलाने वाले भाषण (हेट स्पीच) के आरोप में अधिकतम पांच साल की जेल हो सकती है.

  • इंडोनेशिया के बाली द्वीप पर एक स्विट्जरलैंड के व्यक्ति को हिंदू त्योहार के लिए गाली देने पर गिरफ्तार किया गया
  • आरोपी लुजियन एंड्रिन जग्रैगन पर नफरत फैलाने वाले भाषण का आरोप है, जिसके लिए पांच साल तक जेल हो सकती है
  • बाली में गुरुवार को हिंदू त्योहार न्येपी मनाया गया, जिसमें 24 घंटे आत्म-चिंतन के लिए घर में रहना होता है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

मुस्लिम बहुल देश इंडोनेशिया में स्विट्जरलैंड से आए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. इस व्यक्ति पर आरोप है कि उसने पर्यटन द्वीप बाली में मनाए जाने वाले एक हिंदू धार्मिक त्योहार के लिए गाली-गलौज वाले शब्दों का इस्तेमाल किया. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी. पुलिस के अनुसार लुजियन एंड्रिन जग्रैगन नाम के इस आरोपी को नफरत फैलाने वाले भाषण (हेट स्पीच) के आरोप में अधिकतम पांच साल की जेल हो सकती है. बाली पुलिस के प्रवक्ता आरियासैंडी ने रविवार देर रात एक बयान में यह बात कही. बयान में संदिग्ध की उम्र नहीं बताई गई है.

बता दें कि बाली में “शांति दिवस” या “न्येपी” गुरुवार को मनाया गया. इस दिन इस हिंदू बहुल द्वीप पर रहने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आत्म-चिंतन के लिए 24 घंटे घर के अंदर रहना होता है. इस दिन काम करना, यात्रा करना, मनोरंजन करना और यहां तक कि बिजली का उपयोग करना भी हतोत्साहित किया जाता है. इसी त्योहार के लिए आरोपी ने गलत शब्द का इस्तेमाल किया था.

जग्रैगन को शनिवार को गिरफ्तार किया गया, जब उनके एक इंस्टाग्राम पोस्ट की शिकायत पुलिस में की गई. उस पोस्ट में आरोपी ने त्योहार के लिए बार-बार “F” शब्द (गाली) का इस्तेमाल किया था. इस पर्यटक पर ऑनलाइन नफरत फैलाने का आरोप है. इंडोनेशिया के नए आपराधिक कानून के तहत यह अपराध है और इसके लिए उसे अधिकतम पांच साल की जेल हो सकती है.

आरियासैंडी ने कहा कि पुलिस जग्रैगन का आईफोन जब्त करेगी और गवाहों से पूछताछ करेगी. बता दें कि बाली हर साल लाखों विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन हाल के समय में यहां पर्यटकों के गलत व्यवहार के कई चर्चित मामले सामने आए हैं. पिछले हफ्ते ही द्वीप के अधिकारियों ने दो फ्रांसीसी नागरिकों और एक इटली के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था. उन पर अश्लील कंटेंट बनाने और फैलाने का आरोप है. यह काम मुस्लिम बहुल देश इंडोनेशिया में प्रतिबंधित है, जहां आधिकारिक तौर पर छह धर्मों के साथ-साथ स्थानीय पारंपरिक मान्यताओं को भी मान्यता दी गई है.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में ईद से पहले चोरों ने खुद को दी ईदी! पेशावर के बैंक से 4 किलो सोना और करोड़ों का कैश गुल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com