विज्ञापन
This Article is From Jan 26, 2021

COVID-19 के खतरे के बीच विदेशों में भारतीयों ने मनाया गणतंत्र दिवस का जश्न

चीन, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया समेत कई अन्य देशों में भारतीय प्रवासियों ने मंगलवार को 72 वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया. कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण इस बार समारोह में ज्यादा लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया और इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लोगों ने डिजिटल तरीके से देखा.

COVID-19 के खतरे के बीच विदेशों में भारतीयों ने मनाया गणतंत्र दिवस का जश्न
प्रतीकात्मक तस्वीर
बीजिंग/सिंगापुर:

चीन, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया समेत कई अन्य देशों में भारतीय प्रवासियों ने मंगलवार को 72 वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया. कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण इस बार समारोह में ज्यादा लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया और इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लोगों ने डिजिटल तरीके से देखा.

चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री ने बीजिंग में भारतीय दूतावास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. चीन की राजधानी में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति के कारण इस बार समारोह में केवल मिशन के अधिकारी और उनके परिवार वाले ही पहुंचे.

मिस्री ने राष्ट्र के नाम राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का संबोधन पढ़ा। उन्होंने ‘चैती आर्ट्स फाउंडेशन' द्वारा बनाए ''वंदे मातरम'' के एक विशेष वाद्य गीत को भी जारी किया. बीजिंग और कई शहरों में फिर से कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे है, जिसके परिणामस्वरूप स्थानीय सरकारों ने सार्वजनिक समारोहों को प्रतिबंधित कर रखा है. इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक ट्वीट में कहा कि जोश-उत्साह के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया.

मिशन प्रभारी सुरेश कुमार ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रपति का संदेश पढ़कर सुनाया. एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें देशभक्तिपूर्ण गीतों और कविताओं का पाठ हुआ. बांग्लादेश के ढाका में भारतीय उच्चायोग ने भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ गणतंत्र दिवस मनाया. उच्चायुक्त विक्रम दुरईस्वामी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कार्यक्रम में राष्ट्रपति का संदेश पढ़ा.

कोलंबो में भारतीय उच्चायोग में उच्चायुक्त गोपाल बागले ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
ऑस्ट्रेलिया में उच्चायुक्त गीतेश शर्मा ने कैनबरा में दूतावास के भीतर तिरंगा फहराया और राष्ट्रपति का संदेश पढ़ा. वहीं, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त पी. कुमारन ने गणतंत्र दिवस के जश्न की अगुवाई की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने फेसबुक पर लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का संदेश पढ़ा.

कोविड-19 के सुरक्षा उपायों के मद्देनजर केवल उच्चायोग के सदस्य ही समारोह में शामिल हुए. उच्चायोग ने बताया कि मंगलवार शाम को ऑनलाइन तरीके से गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा. इसमें प्रधानमंत्री कार्यालय में सिंगापुर के मंत्री, डॉ. तेन सी लेंग सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indians Abroad, Republic Day, COVID-19, Coronavirus
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com