- ब्रिटेन में गिरफ्तार किए गए इस भारतीय की पहचान कैप्टन अजय पंत के रूप में हुई है
- आरोप है कि उन्होंने रूस से प्रतिबंधित तेल को जहाज के जरिए दूसरे देश तक पहुंचाने में भूमिका निभाई
- इस अभियान में ब्रिटेन के सशस्त्र बलों ने मिलकर इंग्लिश चैनल में रूस के एक 'शैडो फ्लीट' तेल टैंकर को रोका था
ब्रिटेन में जहाज के एक भारतीय कैप्टन की गिरफ्तारी हुई है. ब्रिटिश अधिकारियों का आरोप है कि यह मामला रूस पर लगाए गए पश्चिमी प्रतिबंधों के उल्लंघन से जुड़ा है. गिरफ्तार किए गए इस भारतीय की पहचान कैप्टन अजय पंत के रूप में हुई है. उन पर आरोप है कि उन्होंने रूस से प्रतिबंधित तेल या तेल उत्पादों को जहाज के जरिए दूसरे देश तक पहुंचाने में भूमिका निभाई. ब्रिटेन की तरफ से यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पश्चिमी देश रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं.
आखिर हुआ क्या है?
सोमवार को ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) ने बताया कि 38 साल के भारतीय नागरिक अजय पंत पर रूस से जुड़े प्रतिबंधों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है. उनकी गिरफ्तारी विकेंड (शनिवार-रविवार) में एक संयुक्त अभियान के दौरान हुई. इस अभियान में NCA और ब्रिटिश सशस्त्र बलों ने मिलकर इंग्लिश चैनल में रूस के एक 'शैडो फ्लीट' तेल टैंकर को रोका था.
NCA के अनुसार, अजय पंत पर रूस से प्रतिबंधित तेल या तेल उत्पादों को सीधे या परोक्ष (इनडाइरेक्ट) तरीके से जहाज के जरिए किसी तीसरे देश तक पहुंचाने का आरोप है. अजय पंत को आज यानी मंगलवार को साउथैम्पटन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाएगा. इससे पहले क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस ने NCA की जांच रिपोर्ट को देखने के बाद उनके खिलाफ आरोपों को मंजूरी दी है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार इस जहाज पर मौजूद बाकी 24 चालक दल के सदस्य भारत और जॉर्जिया के नागरिक हैं. वे अभी भी जहाज पर ही हैं.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने रविवार को पुष्टि की थी कि SMYRTOS नाम का इस जहाज पर रॉयल मरीन कमांडो और NCA के विशेष रूप से ट्रेन किए अधिकारियों ने चढ़कर कार्रवाई की थी. यह अपने तरह का पहला ब्रिटिश अभियान बताया गया. कीर स्टार्मर ने कहा कि यह अभियान रूस के लिए एक और झटका है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन युद्ध का समर्थन करने वाले लोग यह न समझें कि वे छिप सकते हैं.
करीब छह घंटे चले इस सैन्य अभियान में चिनूक, मर्लिन एमके4, वाइल्डकैट हेलीकॉप्टर, रॉयल एयर फोर्स (RAF) का पी-8 विमान, और एचएमएस सदरलैंड तथा एचएमएस लेडबरी जैसे युद्धपोत शामिल थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं