विज्ञापन
This Article is From Oct 22, 2013

संयुक्त राष्ट्र स्थायी सदस्यता के लिए मिला रूस का समर्थन

संयुक्त राष्ट्र स्थायी सदस्यता के लिए मिला रूस का समर्थन
मास्को:

रूस ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) का स्थायी सदस्य बनाए जाने के लिए भारत का समर्थन किया।

सोमवार को दोनों देशों ने इस बात पर आपसी सहमति व्यक्त की कि सुरक्षा परिषद में किसी भी तरह के विस्तार को सामयिक जरूरतों का द्योतक होना चाहिए।

मास्को की दो दिवसीय यात्रा के दौरान सोमवार को भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एवं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई शिखर बैठक के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में कहा गया, "संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को अधिक प्रतिनिधिकारी एवं उभरने वाली नई चुनौतियों से बेहतर तरीके से निबटने में सक्षम बनाने के लिए परिषद में सुधार किए जाने की जरूरत पर दोनों देश सहमति व्यक्त करते हैं।"

संयुक्त वक्तव्य में आगे कहा गया है, "दोनों देश इस बात पर भी सहमत हैं कि सुरक्षा परिषद में किसी तरह का विस्तार सामयिक वास्तविकताओं का द्योतक होना चाहिए। इस संदर्भ में रूसी महासंघ संशोधित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सदस्यता दिए जाने के अपने पूर्व समर्थन की पुन: पुष्टि करता है।"

दोनों देशों ने एक न्यायपूर्ण वैश्विक प्रणाली के लिए काम करने पर सहमति व्यक्त की। इसके अलावा वैश्विक शांति स्थापना एवं स्थायित्व के लिए तथा सतत सामाजिक एवं आर्थिक विकास को सुनिश्चित करने में संयुक्त राष्ट्र की केंद्रीय भूमिका को मजबूती प्रदान करने पर भी रूस और भारत ने सहयोग जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारत-रूस संबंध, भारत-रू, मनमोहन सिंह, मनमोहन सिंह की मास्को यात्रा, व्लादिमीर पुतिन, Manmohan Singh, Vladimir Putin