विज्ञापन
This Article is From Jul 13, 2018

NDTV EXCLUSIVE: मैं किसी भी संभावित परिणाम के लिए तैयार हूं - नवाज शरीफ

ख़बर ये है कि नेशनल एकाउंटिबिलिटी ब्यूरो के अधिकारी भी उस प्लेन पर सवार होंगे जो नवाज़ शरीफ़ और मरियम को अबू धाबी से लाहौर लेकर जाएगी.

Also Read in
NDTV EXCLUSIVE: मैं किसी भी संभावित परिणाम के लिए तैयार हूं - नवाज शरीफ
नई दिल्‍ली: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ अपनी बेटी के साथ लंदन से निकलकर अबु धाबी पहुंच चुके हैं. पाकिस्तान की उनकी फ़्लाइट लेट है. अबू धाबी में हमारी संवाददाता मुनीजे जहांगीर उनके साथ हैं. नवाज़ शरीफ ने पाकिस्तान आते वक्त विमान में ही कहा, "मैं अपनी पत्नी को बेहोशी की हालत में छोड़कर आया हूं... ज़ाहिर है, मैं एक उद्देश्य लेकर पाकिस्तान लौट रहा हूं, जनता मेरा उद्देश्य जानती है... प्रेस को भी एक स्टैंड लेना चाहिए... मैं किन्हीं भी हालात के लिए तैयार हूं... मुझे लाहौर में गिरफ्तार किया जा सकता है, या यहीं गिरफ्तार किया जा सकता है..."

ख़बर ये है कि नेशनल एकाउंटिबिलिटी ब्यूरो के अधिकारी भी उस प्लेन पर सवार होंगे जो नवाज़ शरीफ़ और मरियम को यहां से लाहौर लेकर जाएगी. ख़बर के मुताबिक जैसे ही प्लेन पाकिस्तान की हवाई सीमा में दाख़िल होगा दोनों को गिरफ़्तार कर लिया जाएगा. इधर रास्ते में विमान पर नवाज शरीफ़ ने संवाददाताओं से कहा कि वो जेल जाने वाले हैं लेकिन वो ये क़ुर्बानी पाकिस्तान की जनता के लिए दे रहे हैं.

पाकिस्तान के सरकारी चैनल पर नवाज शरीफ और मरियम की खबर दिखाने पर रोक, जानिए क्या है कारण

NAB ने लाहौर और इस्लामाबाद में दो हेलीकॉप्टर तैयार रखे हैं जो दोनों को गिरफ़्तार कर हवाई मार्ग से रावलपिंडी की अदियाला जेल ले जाएगी. वहीं पाकिस्तान सरकार ने करप्शन के मामले में दोषी करार लोगों के TV इंटरव्यू पर रोक लगा दी है. लंदन में अवैध तरीक़े से संपत्ति खरीदने के मामले में नवाज़ शरीफ़ को 10 साल तो उनकी बेटी मरियम को 7 साल की सज़ा सुनाई गई है.

मोहम्मद नवाज शरीफ तीन बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रह चुके हैं. सबसे पहले एक नवंबर 1990 को पाक के 12 वें प्रधानमंत्री बने थे और इस पद पर 18 जुलाई 1993 तक रहे. इसके बाद 14 वें पीएम के रूप में उनका कार्यकाल 17 फरवरी 1997 से 12 अक्टूबर 1999 तक रहा. शरीफ तीसरी बार 5 जून 2013 को पाक के 27 वें प्रधानमंत्री बने. साल 2016 में पनामा पेपर लीक मामले में शरीफ का नाम आने के बाद 2017 में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें पीएम के पद के लिए अयोग्य करार दिया और 28 जुलाई 2017 को उन्हें प्रधानमंत्री के पद से हटाना पड़ा. नवाज़ शरीफ को साल 2000 में तख्तापलट के बाद तत्कालीन सैन्य शासक मुशर्रफ़ ने निर्वासित कर दिया था.

नवाज शरीफ का जन्म लाहौर में 25 दिसम्बर 1949 को हुआ था. वे सन 1976 में पाकिस्तान मुस्लिम लीग में शामिल हुए थे. वे साल 1980 में पाक के पंजाब प्रांत के वित्त मंत्री बन गए. सन 1981 में उन्हें पंजाब सलाहकार बोर्ड में शामिल हो किया गया. इसके बाद उनकी तत्कालीन सैन्य शासक जनरल जिया-उल-हक से नजदीकी बढ़ गई. इसी नजदीकी के नतीजे में उन्हें 1985 में पंजाब का मुख्यमंत्री बना दिया गया.

VIDEO: NDTV EXCLUSIVE : गिरफ्तारी से पहले बोले नवाज, ‘पाकिस्तान के लिए दे रहा हूं कुर्बानी’
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nawaz Sharif, Nawaz Sharif Arrest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com