- दुनिया में अबतक का सबसे भारी सांप ग्रीन एनाकोंडा पाया गया है, जिसका वजन 227 किलो और लंबाई 8.43 मीटर की थी
- ग्रीन एनाकोंडा की आंखें और नथुने सिर के ऊपर इसलिए होते हैं ताकि वह पानी में छिपकर शिकार देख सके
- यह सांप कछुए, मछलियां, हिरण, पेकेरी और कभी-कभी 100 किलो तक के जगुआर जैसे बड़े जानवर भी खाता है
सोचिए, आपके सामने एक ऐसा सांप हो जो करीब एक बस जितना लंबा हो और उसका वजन करीब एक कार जितना हो! दुनिया के सबसे भारी सांप ग्रीन एनाकोंडा का आकार ही इसे बाकी सांपों से अलग बना देता है. लेकिन इसकी असली कहानी सिर्फ इसके वजन और लंबाई तक सीमित नहीं है. पानी के अंदर रहने वाला यह विशाल शिकारी अपने शरीर को इस तरह ढाल चुका है कि वह लगभग छिपकर शिकार कर सके. आखिर इसकी आंखें और नथुने सिर के ऊपर क्यों होते हैं? और यह क्या-क्या खा सकता है? चलिए आपको आज दुनिया के सबसे भारी सांप का कहानी बताते हैं.
227 किलो का सांप!
ग्रीन एनाकोंडा दुनिया के सबसे भारी सांप होते हैं. नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम के अनुसार अब तक रिकॉर्ड किया गया सबसे भारी एनाकोंडा 227 किलोग्राम का था. यह विशाल सांप 8.43 मीटर लंबा था और इसकी मोटाई (घेरा) 1.11 मीटर थी. वैसे तो रेटिकुलेटेड अजगर (reticulated python) इससे लंबा सांप है, लेकिन वह पतला होता है.
ग्रीन एनाकोंडा के बारे में यह खास बात है कि ये जहरीले नहीं होते. ये अकेले रहना पसंद करते हैं और दक्षिण अमेरिका व त्रिनिदाद में पाए जाते हैं. अमेजन के घने जंगल इसके घर हैं. वे अपना ज्यादातर समय पानी में बिताते हैं, खासकर दलदल, गीली जमीन, धीमी गति से बहतीं धाराओं और नदियों में. इसी वजह से, उनके नथुने और आंखें सिर के किनारों के बजाय ऊपर की तरफ विकसित हुई हैं. इससे सांप अपने बड़े शरीर को पानी के नीचे रखते हुए भी सांस ले सकता है और पानी के ऊपर शिकार या शिकारी को देख सकता है.
क्या खाते हैं ग्रीन एनाकोंडा
इन सांप कई वेराइटी के जानवर खाते हैं. ये कछुओं और मछलियों से लेकर पेकेरी (जंगली सूअर जैसा जानवर), हिरण, कैपीबारा और कभी-कभी जगुआर तक. जगुआर का वजन 100 किलो तक हो सकता है. ध्यान रहे कि एनाकोंडा 'बोआ' परिवार से संबंधित हैं और अपने शिकार को जकड़ने के लिए अपने लंबे, मजबूत शरीर का इस्तेमाल करते हैं. यह उसका तरीका है बिना जहर अपने शिकार को मारने का.
कितने तरह के एनाकोंडा होते हैं?
'एनाकोंडा' शब्द का इस्तेमाल अक्सर ग्रीन एनाकोंडा के लिए किया जाता है. लेकिन असल में एनाकोंडा की तीन और प्रजातियां हैं जो थोड़ी छोटी होती हैं - बोलिवियन एनाकोंडा (Eunectes beniensis), डार्क-स्पॉटेड एनाकोंडा (Eunectes deschauenseei) और पीला एनाकोंडा (Eunectes notaeus). ये सभी दक्षिण अमेरिका में पाए जाते हैं.
यह भी पढ़ें: सांप घर में ना आए इसके लिए क्या करें? सांप को भगाने के लिए क्या जलाना चाहिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं