विज्ञापन

ट्रंप से जुड़ी कंपनी के कदम पर ग्रीनलैंड की सख्त चेतावनी! बिना इजाजत हो रही ड्रिलिंग की तैयारी

ग्रीनलैंड की तरफ से यह चेतावनी तब आई, जब टेक्सास की एक कंपनी 'ग्रीनलैंड एनर्जी' ने स्थानीय अधिकारियों से बिना किसी इजाजत के ड्रिलिंग का सामान दूर-दराज के जेमसन लैंड इलाके में पहुंचाना शुरू कर दिया.

ट्रंप से जुड़ी कंपनी के कदम पर ग्रीनलैंड की सख्त चेतावनी! बिना इजाजत हो रही ड्रिलिंग की तैयारी
ग्रीनलैंड ने कहा- काम शुरू करने से पहले मंजूरी लेनी जरूरी. (Photo: Xinhua via IANS)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर अपने सपने अभी छोड़े नहीं हैं. ट्रंप ने चुपचाप ग्रीनलैंड में अपनी दिलचस्पी फिर से शुरू कर दी है. राष्ट्रपति से जुड़ी एक अमेरिकी कंपनी आर्कटिक द्वीप के पूर्वी तट पर तेल के लिए ड्रिलिंग शुरू करने की तैयारी कर रही है. 'द गार्डियन' की रिपोर्ट के मुताबिक, NATO सहयोगी डेनमार्क के अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र ग्रीनलैंड ने इसका विरोध किया है और ट्रंप को 'कड़ी चेतावनी' दी है. ग्रीनलैंड की तरफ से यह कड़ी चेतावनी तब आई, जब टेक्सास की एक कंपनी 'ग्रीनलैंड एनर्जी' ने स्थानीय अधिकारियों से बिना किसी इजाजत के ड्रिलिंग का सामान दूर-दराज के जेमसन लैंड इलाके में पहुंचाना शुरू कर दिया. डेनिश मीडिया आउटलेट 'डैनवॉच' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक टगबोट को बार्ज यानी एक तरह की नाव खींचते हुए उस इलाके की ओर जाते और वहां करीब एक दर्जन कंटेनर उतारते हुए देखा गया.

बार्ज असल में चपटे पेंदे वाला एक बड़ा जहाज होता है, जिसका इस्तेमाल ड्रिलिंग मशीनरी जैसे भारी सामान को ढोने के लिए किया जाता है. ज्यादातर बार्ज में अपना इंजन नहीं होता है.

ग्रीनलैंड पर ट्रंप की तिरछी नजर!

ग्रीनलैंड सरकार ने एक बयान में कहा कि कंपनी को ऐसी कोई मंजूरी नहीं दी गई थी. सरकार ने कहा, "भविष्य के सभी लॉजिस्टिकल मामलों पर मिनरल रिसोर्स अथॉरिटी से सलाह लेनी होगी और काम शुरू होने से पहले उनसे मंजूरी लेनी होगी."

इस साल की शुरुआत में, ट्रंप ने खनिजों से भरपूर इस द्वीप पर अमेरिका का  ज्यादा कंट्रोल करने की कोशिश की और यहां तक कि सेना का इस्तेमाल करके जबरदस्ती कब्जा करने की धमकी भी दी. ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति के इस अजीब जुनून ने न सिर्फ NATO को चौंका दिया, बल्कि उन यूरोपीय सहयोगियों के बीच भी बेचैनी पैदा कर दी जो लंबे वक्त से रक्षा साझेदार के तौर पर अमेरिका पर निर्भर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: बाल-बाल बचे डोनाल्ड ट्रंप? राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के बेहद करीब पहुंच गया था पैसेंजर प्लेन- VIDEO

ट्रंप ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में 'ड्रिल, बेबी, ड्रिल' का मशहूर नारा दिया था, जिसमें उन्होंने फॉसिल फ्यूल यानी जीवाश्म ईंधन निकालने का काम तेज करने की बात कही थी. उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि 'राष्ट्रीय सुरक्षा' के लिए ग्रीनलैंड पर कंट्रोल जरूरी है. उन्होंने दावा किया है कि आर्कटिक इलाका 'रूसी और चीनी जहाजों' से भरा हुआ है.

हालांकि, ट्रंप की मुख्य दिलचस्पी ग्रीनलैंड के मिनरल रिसोर्स, रेयर अर्थ और तेल में थी. अब, ईरान के साथ चल रहे तनाव के बीच कुछ वक्त की शांति के बाद, ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर फिर से ध्यान देना शुरू कर दिया है.

ये भी पढ़ें: जैसा वेनेजुएला में किया था वैसा ही ईरान में करेंगे; ट्रंप की चेतावनी- डील चाहते हैं लेकिन परमाणु हथियार नहीं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com