विज्ञापन

ग्राउंड जीरो से रिपोर्ट: लेबनान में इजरायल का एक्शन तेज, बेरूत में फिर मिसाइल हमले, चारों तरफ अफरा-तफरी

लेबनान में इजरायली सेना ने एक्शन और तेज कर दिया है. राजधानी बेरूत में सोमवार सुबह मिसाइल हमले हुए हैं. इसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

ग्राउंड जीरो से रिपोर्ट: लेबनान में इजरायल का एक्शन तेज, बेरूत में फिर मिसाइल हमले, चारों तरफ अफरा-तफरी
लेबनान में इजरायली हमले जारी हैं. (फाइल फोटो)
PTI
  • इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साउथ लेबनान में जमीनी हमले तेज करने के आदेश दिए हैं
  • सोमवार सुबह बेरूत के रेहाब इलाके में इजरायल ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ मिसाइल बमबारी की है
  • पिछले 24 घंटों में लेबनान में इजरायली हमलों में नौ स्वास्थ्यकर्मी और संयुक्त राष्ट्र के जवान मारे गए हैं
बेरूत:

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साउथ लेबनान में जमीनी हमला तेज करने का आदेश दिया है. लेबनान के हिज्बुल्लाह को इजरायल आतंकी संगठन मानता है. ईरान के साथ जब से जंग शुरू हुई है, तब से इजरायल ने लेबनान में जोरदार हमले किए हैं. अब सोमवार सुबह लेबनान की राजधानी बेरूत के रेहाब इलाके में इजरायल ने फिर बमबारी की. इजरायल इन हमलों को हिज्बुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई बताता है, जबकि हिज्बुल्ला का कहना है कि वह अपनी जमीन के लिए लड़ रहा है. 

सोमवार सुबह बेरूत में कुबैत एंबेसी के पास रेहाब इलाके में कई मिसाइलें गिरीं. हालांकि, नुकसान और हताहतों की संख्या के बारे में तुरंत पता नहीं चल पाया है. मौके पर एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तेजी से आती दिखीं. बमबारी के बाद लोगों में मची अफरा-तफरी और दहशत के बीच, NDTV ने कई एंबुलेंस को प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालते देखा. इस हमले से संकेत मिलता है कि इजरायल बेरूत के उन और भी इलाकों को निशाना बना रहा है, जहां पिछले एक महीने में हमले नहीं हुए थे.

यह भी पढ़ेंः ब्रिटेन ने तैयार किये समुद्री बारूदी सुरंगों का पता लगाने वाले ड्रोन जहाज, क्या होर्मुज को सुरक्षित बना पाएंगे ये रोबोट

पिछले 24 घंटों में लेबनान में इजरायली हमलों में 9 स्वास्थ्यकर्मी और संयुक्त राष्ट्र की पीसकीपिंग सेना का एक जवान समेत कई लोग मारे गए हैं. हिज्बुल्लाह के हमलों में 6 इजरायली सैनिक भी घायल हुए हैं. ईरान के साथ जब से जंग शुरू हुई है, तब से लेबनान भी इजरायली हमले झेल रहा है. पिछले एक महीने में 12 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हुए हैं और 1100 लोग मारे गए हैं. पीड़ितों में 100 से ज्यादा बच्चे, मेडिकल स्टाफ और पत्रकार शामिल हैं.

संयुक्त राष्ट्र के महासिचव एंटोनियो गुटेरेस ने रविवार को लेबनान में पीसकीपिंग फोर्स के एक जवान के मारे के बाद जवाबदेही तय करने की मांग की है. उन्होंने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपने दायित्वों का पालन करने और संयुक्त राष्ट्र के कर्मियों और संपत्ति की सुरक्षा करने का आह्वान किया है.

एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, 'मैं रविवार की उस घटना की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच चल रही लड़ाई के दौरान एक इंडोनेशियाई पीसकीपर मारा गया. इसी घटना में एक और इंडोनेशियाई पीसकीपर गंभीर रूप से घायल हो गया.'

यह भी पढ़ेंः ईरान में छिपा 400 किलो यूरेनियम कैसे आएगा बाहर? ट्रंप की सेना के लिए आसान नहीं होगा ग्राउंड ऑपरेशन

हिज्बुल्लाह ने दावा किया है कि नेतन्याहू ने इजरायली सेना को साउथ लेबनान में हमले तेज करने के निर्देश दिए हैं और इसके बाद उसने इजरायल पर रॉकेट और ड्रोन से हमला किया है. 

रिपोर्ट के अनुसार, हिज्बुल्लाह ने कहा है कि उसने उत्तरी इजरायल के मेटुला शहर पर रॉकेट दागे और साउथ लेबनान में खियाम के पूर्व में इजरायली सैनिकों को भी निशाना बनाया. इजरायल ने इस गोलीबारी में 6 सैनिकों के घायल होने की पुष्टि की है. उत्तरी कमांड से जारी एक वीडियो में इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने अपनी सेना को बफर जोन का और विस्तार करने के निर्देश दिए हैं.

यह भी पढ़ेंः ईरान में किसी भी वक्त घुस सकते हैं अमेरिकी सैनिक, इजरायल में हुई एक सीक्रेट मीटिंग में बना प्लान?

लेखक के बारे में
img
नज़ीर मसूदी
Bureau Chief, Srinagar
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Israel, Hezbollah, Israel Hezbollah, Iran War, Middle East Crisis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com