- कामि रीता शेरपा माउंट एवरेस्ट की चोटी पर अब तक 31 बार चढ़ चुके हैं और इस बार 32वीं चढ़ाई के लिए रवाना हुए हैं
- 55 वर्ष के अनुभवी पर्वतारोही ने लगभग 30 वर्षों में लगातार एवरेस्ट पर चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है
- कामी रीता इस बार 14 पीक्स एक्सपीडिशन की अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ गाइड के रूप में एवरेस्ट की चढ़ाई करेंगे
'एवरेस्ट मैन' एक बार फिर इतिहास बनाने निकल गए हैं, खुद अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने जा रहे हैं. हम बात कर रहे हैं कामी रीता शेरपा की, जो दुनिया में सबसे ज्यादा बार माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंच चुके हैं. हिमालयन टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार वे इस हफ्ते एवरेस्ट क्षेत्र के लिए रवाना हो गए हैं. कीमा रीता माउंट एवरेस्ट पर अपनी 32वीं चढ़ाई करने जा रहे हैं और उन्होंने कहा है कि यह शायद उनकी आखिरी चढ़ाई होगी.
55 साल के इस अनुभवी पर्वतारोही ने करीब 30 साल में अबतक 31 बार चढ़ाई करके दुनिया की सबसे ऊंची चोटी को अपने दूसरे घर जैसा बना लिया है. इस बार वह 14 पीक्स एक्सपीडिशन के लिए एक अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ गाइड के रूप में जा रहे हैं. इस रिपोर्ट के अनुसार कंपनी के मालिक ताशी लाक्पा शेरपा ने उनके रवाना होने की पुष्टि की है.
'मैं रिटायर हो जाऊंगा...'
रवाना होने से पहले स्थानीय मीडिया से बात करते हुए कामी रीता ने कहा, “यह शायद दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर मेरी आखिरी कोशिश होगी. मैं अब 55 साल का हूं. साल 2026 में एवरेस्ट चढ़ाई से रिटायर होने के बाद, मैं ट्रेकिंग और दूसरे एडवेंचर काम करता रहूंगा.”
खास बात है कि दोस्त और परिवार लंबे समय से उन्हें अब रुक जाने के लिए कह रहे थे, लेकिन वह नहीं माने. अब वह कहते हैं कि रुकने का समय आ गया है. उम्मीद की जा रही है कि मई महीने के मध्य में वे एवरेस्ट की चोटी तक पहुंच जाएंगे और यह उनकी 32वीं चढ़ाई होगी. यह आंकड़ा इस पहाड़ के हिसाब से लगभग अविश्वसनीय लगता है.
एवरेस्ट के अलावा, उनके नाम 8000 मीटर से ऊंची चोटियों पर सबसे ज्यादा बार चढ़ने का भी रिकॉर्ड है. उन्होंने कुल 44 बार ऐसी चोटियों पर चढ़ाई की है, जिनमें चो ओयू पर 8 बार, मनास्लु पर 5 बार और K2 व ल्होत्से पर एक-एक बार चढ़ाई शामिल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं