- पिछले एक हफ्ते में एलन मस्क की कुल संपत्ति में लगभग तेरह हजार करोड़ डॉलर की भारी गिरावट आई है
- टेस्ला के शेयरों में इस हफ्ते 18 प्रतिशत तक की गिरावट हुई जो कंपनी का सबसे खराब साप्ताहिक प्रदर्शन है
- टेस्ला की दूसरी तिमाही की आय में उम्मीद से कम अर्निंग्स प्रति शेयर के कारण निवेशकों में निराशा बढ़ी है
दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क की संपत्ति को एक ही हफ्ते में ऐसा तगड़ा झटका लगा है, जिसने टेक और शेयर बाजार की दुनिया में हलचल मचा दी है. पिछले सात दिनों के भीतर मस्क की कुल नेटवर्थ में से करीब 130 बिलियन डॉलर (लगभग 13,000 करोड़ डॉलर) साफ हो गए. हालांकि, इस भारी-भरकम नुकसान के बाद भी एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं. वह अब भी ग्लोबल वेल्थ लिस्ट में सबसे ऊपर हैं.
'फोर्ब्स रियल-टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट' के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस बड़ी गिरावट के बाद भी एलन मस्क की कुल संपत्ति 725.1 बिलियन डॉलर दर्ज की गई है. संपत्ति में आई यह गिरावट मुख्य रूप से उनकी दो सबसे बड़ी कंपनियों टेस्ला और स्पेसएक्स के शेयरों में आई अचानक मंदी की वजह से हुई है.
टेस्ला के खराब नतीजों ने बिगाड़ा खेल
एलन मस्क की कुल संपत्ति का बड़ा हिस्सा टेस्ला और स्पेसएक्स में उनकी हिस्सेदारी से आता है. इस हफ्ते टेस्ला के शेयरों में 18% तक की भारी गिरावट देखने को मिली, जो साल 2022 के बाद से कंपनी का सबसे खराब साप्ताहिक प्रदर्शन है.
दरअसल, टेस्ला की दूसरी तिमाही (Q2) के वित्तीय नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे. हालांकि कंपनी का कुल रेवेन्यू बढ़कर 28.2 बिलियन डॉलर पहुंच गया, लेकिन एडजस्टेड अर्निंग्स प्रति शेयर महज 33 सेंट रही, जबकि बाजार विशेषज्ञों को 50 सेंट की उम्मीद थी.
कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) वैभव तनेजा ने साफ किया कि टेस्ला का इस साल का कुल कैपेक्स योजना के तहत 25 बिलियन डॉलर रहने वाला है. खुद एलन मस्क ने अर्निंग्स कॉल के दौरान साल 2026 को मैसिव कैपेक्स ईयर बताया है. कमाई की रिपोर्ट आते ही एक ही दिन में टेस्ला का शेयर 14.1% टूट गया, जिससे मस्क को सीधे तौर पर 18.6 बिलियन डॉलर की चपत लगी.
स्पेसएक्स के शेयरों में भी जारी है गिरावट
टेस्ला के झटके के बाद रही-सही कसर स्पेसएक्स के शेयरों ने पूरी कर दी. पिछले महीने ही शेयर बाजार में शानदार डेब्यू करने वाली स्पेसएक्स का शेयर अब अपनी आईपीओ कीमत से भी नीचे खिसक गया है.
हाल ही में स्पेसएक्स का शेयर अपने उच्चतम स्तर से 43% से ज्यादा गिरकर $115 के आसपास बंद हुआ. इसकी मुख्य वजह मस्क के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट 'स्टारशिप' के टेस्ट फ्लाइट्स में बार-बार हो रही देरी को माना जा रहा है, जिससे निवेशकों में अनिश्चितता का माहौल बन गया है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने यूरोप को गूगल के लिए तो रूस और चीन को ईरान के लिए धमकाया, बोले-'यह उनके हित में नहीं'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं