- दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की उड़ान में पायलटों के बीच चाकू से हिंसक झगड़ा हो गया था
- इस उड़ान में लगभग 180 इजरायली यात्री सवार थे, विमान की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई
- सऊदी ने अपना एयरस्पेस इजरायल के लिए खोल दिया है लेकिन दोनों देशों के रिश्ते अभी सामान्य नहीं हैं
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की एक फ्लाइट में पायलटों के बीच चाकूबाजी हो गई, जिसके बाद उसे सऊदी अरब में लैंड करना पड़ा. इस फ्लाइट में ज्यादातर इजरायली यात्री सवार थे. दिलचस्प बात है कि इजरायलियों को उस देश में उतरना पड़ा, जिसके साथ इजरायल के कोई राजनयिक संबंध नहीं हैं.
यरूशलम पोस्ट ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि दो पायलटों के बीच 'हिंसक' झगड़े के बाद विमान को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. हालांकि, विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं.
इजरायल को देश ही नहीं मानता सऊदी
विमान को एक ऐसे देश उतरना पड़ा, जिसके इजरायल के साथ अच्छे रिश्ते नहीं हैं. कुछ साल पहले तक, इजरायली एयरलाइंस और इजरायल जाने वाली फ्लाइट्स के लिए सऊदी अरब के एयरस्पेस में आना भी मना था.
इस वजह से पूरब की यात्रा करते समय इजरायलियों को सऊदी अरब से बचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता था. इजरायल को तो सऊदी अरब एक मुल्क भी नहीं मानता.
फिर सऊदी कैसे उतरा विमान?
सवाल है कि जब सऊदी अरब का एयरस्पेस बंद रहता है तो फिर ये विमान सऊदी में लैंड कैसे कर गया?
दरअसल, 2022 में अमेरिकी सरकार के कहने पर सऊदी ने दोनों देशों के बीच रिश्ते सामान्य करने के लिए इजरायली फ्लाइट्स को अपने एयरस्पेस का इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी थी.
सऊदी का वह फैसला इजरायली एविएशन के लिए एक अहम पड़ाव था. इससे एशिया के लिए यात्रा के रास्ते काफी छोटे हो गए. इसी वजह से बुधवार को दुबई-तेल अवीव फ्लाइट सऊदी अरब के ऊपर से उड़ान भर सकी.
यह भी पढ़ेंः 34 हजार फीट से नीचे आता प्लेन, पायलटों में खून-खच्चर और चीखते यात्री... दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट में क्या हुआ?

Photo Credit: AFP
पहले भी सऊदी उतर चुकी है इजरायली फ्लाइट
यह पहली बार नहीं था जब बड़ी संख्या में इजरायली नागरिक अचानक सऊदी अरब में उतरे हों.
इससे पहले 2023 में, तेल अवीव जाने वाली एयर सेशेल्स की एक फ्लाइट को बिजली की समस्या के कारण सऊदी अरब के लाल सागर के शहर जेद्दा में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी. जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट के होटल में रुकना पड़ा था.
पिछले साल भी, एक यात्री को स्ट्रोक आने के बाद फ्लाईदुबई का एक और विमान सऊदी अरब की राजधानी रियाद में उतरा था.
क्या सामान्य हो रहे हैं रिश्ते?
ऐसी घटनाओं को सऊदी-इजरायली के बीच सुधरते रिश्तों के तौर पर देखा गया है. भले ही दोनों देशों के बीच औपचारिक संबंध सामान्य होना अभी भी दूर की कौड़ी है.
गाजा युद्ध और उससे हुए भारी मानवीय नुकसान ने इजरायल को मान्यता देने के मामले में सऊदी अरब के रुख को और सख्त बना दिया है.
सऊदी का कहना है कि वह एक स्वतंत्र फिलिस्तीनी राज्य के गठन के बिना राजनयिक संबंध स्थापित नहीं करेगा.
फ्लाइट में आखिर हुआ क्या था?
टाइम्स ऑफ इजरायल ने यात्रियों के हवाले से बताया कि एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया. कुछ इजरायली यात्रियों ने हमलावर को काबू करने में क्रू की मदद की.
फ्लाइट में मौजूद एक और यात्री, मिरियम ने चैनल 15 को बताया कि यात्रियों ने फ्लाइट के दौरान चिल्लाने की आवाज सुनी थी. जब कॉकपिट का दरवाजा खोला गया, तो अंदर खून पड़ा था.
उनके मुताबिक, एक पायलट पर फोल्डिंग चाकू से हमला किया गया था। यात्रियों और क्रू ने मिलकर लड़ाई में दखल दिया और उसे रोका. इसके बाद, प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. मिरियम ने कहा कि एक समय यात्रियों को लगा कि वे जिंदा नहीं बच पाएंगे.
इस उड़ान में लगभग 180 इजरायली यात्री सवार थे. CNN के मुताबिक, विमान की ऊंचाई 34,000 फीट से घटकर लगभग 16,600 फीट यानी लगभग 17,400 फीट घट गई, जिसके बाद इमरजेंसी सिग्नल जारी किया गया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं