भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार (30 सितंबर 2026) को गुवाहाटी में खेला गया. जहां भारतीय टीम 406 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल करने में कामयाब रही. विपक्षी टीम के खिलाफ मिली इस बड़ी जीत के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल काफी खुश नजर आए. मैच के बाद उन्होंने कुछ दिलचस्प सवालों का जवाब दिया. उनसे जब पुछा गया कि बल्लेबाजी के दौरान उन्हें देखकर लग ही नहीं रहा था मानो उन्होंने ज्यादा मेहनत की हो. इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'अभी भी मेरे शरीर का हर हिस्सा अकड़ा हुआ है. दोपहर में बहुत ज्यादा गर्मी थी. मुकाबले के दौरान जब हमने 13 ओवरों की फील्डिंग की थी. उस दौरान ऐसा लग रहा था कि हम 20 से 25 ओवर की फील्डिंग कर चुके हैं.'
मैच के दौरान गिल दूसरी बार वनडे में दोहरा शतक जड़ने में कामयाब रहे. विशेष उपलब्धि पर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'पारी के दौरान आधे रास्ते पर जब स्कोरबोर्ड पर 400 रन लगे हुए थे तो हम निराश और दबाव में थे. विकेट चाहे कितना भी अच्छा और छोटा क्यों न हो 400 रन का पीछा करना आसान नहीं होता है. इसलिए आज के मुकाबले में किए गए प्रदर्शन से मैं बहुत खुश हूं. सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मैं आखिर तक क्रीज पर टिका रहा और मैच फिनिश करके आया.'
मुकाबले के दौरान अपनी मानसिकता और मौजूदा फॉर्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो मैं खेल को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर देखता हूं. पावरप्ले के दौरान हमारा लक्ष्य था कि बिना विकेट गंवाए हम 75 से 80 रन बना लें, जो कि अच्छी शुरूआत होगी. शुरुआत में नई गेंद से विपक्षी टीम को मदद मिल सकती थी. मगर जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती चली गई. वैसे-वैसे बल्लेबाजी आसान होती गई. मैदान का एक हिस्सा काफी छोटा था. इसलिए हमने तय किया कि जब भी तेज गेंदबाज आएंगे तो हम उनको उसी तरफ निशाना बनाएंगे.'
हालात और टीम की गेंदबाजी पर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मेरे हिसाब से हमने पावरप्ले में अच्छी गेंदबाजी नहीं की. हम नई गेंद के साथ लाइन-लेंथ नहीं बनाकर रख पाए. जिससे उन्हें खुलकर बल्लेबाजी करने का अवसर मिला. उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और एक समय ऐसा लग रहा था कि वे 420 या 430 रन तक पहुंच सकते हैं. ऐसे में उन्हें 25-30 रन पहले रोक पाना हमाने लिए आखिरी पलों में बोनस रहा.'
भारतीय टीम सीरीज अपने नाम कर चुकी है. अगले मुकाबले में बदलाव होगा? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'हां, शायद. मैं निश्चित रूप से उन खिलाड़ियों को मौका देना चाहता हूं जिन्हें अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है. हम देखेंगे कि कौन-सा संयोजन हमारे लिए बेहतर होगा. उम्मीद है बाकी खिलाड़ियों को भी खुद को साबित करने का मौका मिलेगा.'
यह भी पढ़ें- कुलदीप यादव ने कुंबले, श्रीनाथ, जहीर, अगरकर सबका रिकॉर्ड किया ध्वस्त, रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं