विज्ञापन

'मुझे कुछ हुआ तो मेरे बच्चों का क्या होगा', यात्री ने बताया फ्लाईदुबई के खूंखार पायलट पर कैसे पाया काबू?

फ्लाईदुबई की फ्लाइट की घटना ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है. को-पायलट ने साथी कैप्टन पर ही चाकू से हमला कर दिया. यात्रियों और कैप्टन ने हमला करने वाले पर काबू पा लिया.

'मुझे कुछ हुआ तो मेरे बच्चों का क्या होगा', यात्री ने बताया फ्लाईदुबई के खूंखार पायलट पर कैसे पाया काबू?
फ्लाईदुबई में 174 यात्री सवार थे.
PTI
  • दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला कर दिया
  • हमलावर का मकसद विमान को क्रैश कराना था, जिससे 174 यात्रियों की जान पर बड़ा खतरा पैदा हो गया था
  • फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया, जहां से यात्रियों को रेस्क्यू फ्लाइट से वापस लाया गया
नई दिल्ली:

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 को बुधवार को हाईजैक करने की कोशिश की गई. एक पायलट ने साथी कैप्टन पर चाकू से हमला कर दिया. आखिरकार फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया. फ्लाइट में ज्यादातर इजरायली यात्री सवार थे. 

इन यात्रियों को रेस्क्यू फ्लाइट के जरिए इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट लाया गया. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इन यात्रियों का स्वागत किया.

हालांकि, उस फ्लाइट में जो कुछ हुआ वह किसी हॉरर फिल्म से कम नहीं था. एक ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला कर दिया था. उसने एक के बाद एक कई वार किए. कुछ यात्रियों ने भी हिम्मत दिखाई और आखिरकार हमला करने वाले को काबू में कर फ्लाइट को सऊदी अरब में उतारा गया. नेतन्याहू ने इस घटना को 'आतंकी हमला' करार दिया है.

क्या हुआ था उस फ्लाइट में?

जब फ्लाइट 34 हजार फीट की ऊंचाई पर थी, तभी को-पायलट ने कैप्टन पर हमला कर दिया. इजरायली अधिकारियों का कहना है कि उसका इरादा विमान को क्रैश करवाना था.

जब उसने हमला किया तो कुछ ही सेकंड में फ्लाइट 34 हजार फीट की ऊंचाई से गोता लगाकर 17 हजार फीट पर आ गई. कुछ सेकंड के लिए प्लेन थोड़ा संभाला लेकिन फिर नीचे गिरकर 15 हजार फीट की ऊंचाई पर आ गया.

जब फ्लाइट में यह सब हो रहा था, तब यात्री जोर-जोर से चिल्ला रहे थे. कुछ इतना डर गए थे कि फ्रीज हो गए थे. एक यात्री ने यरूशलम पोस्ट को बताया कि उस फ्लाइट में दो और पायलट थे जो यात्री बनकर सफर कर रहे थे. दोनों डर के मारे जम गए थे.

उस यात्री ने कहा, 'मुझे उन्हें हिलाकर उठाना पड़ा, ताकि वो आगे जाकर प्लेन का कंट्रोल संभालें.'

उसने बताया कि कई यात्रियों ने मिलकर हमलावर को काबू किया. उन्होंने बताया कि यात्रियों ने फोन की चार्जिंग केबल का इस्तेमाल किया था.

यह भी पढ़ेंः 'ये आतंकी हमला…', नेतन्याहू की इमरजेंसी मीटिंग में मौजूद इजरायली अफसर ने NDTV को क्या-क्या बताया

Latest and Breaking News on NDTV

फ्लाइट के अंदर क्या-क्या हुआ?

फ्लाइट के अंदर उस समय तनावपूर्ण माहौल था. हर तरफ चीख-पुकार थी. लोग डरे-सहमे बैठे थे.

हमले के कारण भारतीय कैप्टन स्मित मछार बुरी तरह घायल हो गए थे. उस यात्री ने यरूशलम पोस्ट को बताया कि फ्लाइट में एक इजरायली डेंटिस्ट ने घायल पायलट का इलाज किया.

लेकिन एक ऐसा पल भी आया जब वो टूट गया. उस यात्री ने एक लड़की के बारे में भी बताया जिसके पिता कॉकपिट के पास हमलावर से लड़ रहे थे. उस लड़की ने जोर से चिल्लाते हुए कहा- 'मैं नहीं चाहती कि मेरे पिता की मौत हो जाए. अगर वह मर गए तो मेरा क्या होगा?'

उन्होंने बताया कि 'यही वह एक पल था जब मैं रुका और अपने बच्चों के बारे में सोचा.'

यह भी पढ़ेंः भारतीय पायलट ने बचाई इजरायल जा रहे विमान के यात्रियों की जान, चाकुओं से हुए हमले भी नहीं डिगा पाए

जॉर्डन बॉर्डर तक सब ठीक-ठाक था: यात्री

एक और यात्री ने बताया कि जॉर्डन बॉर्डर तक तो सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था. अचानक प्लेन तेजी से नीचे गिरने लगा, जैसे कि बहुत ज्यादा टर्बुलेंस में होता है. 

उन्होंने बताया कि हमें समझ नहीं आया कि ऐसा क्यों हो रहा है क्योंकि कोई चेतावनी नहीं मिली थी. हमने सीट बेल्ट लगाने की कोशिश की. 20-30 सेकंड बाद प्लेन स्थिर हुआ, फिर दोबारा नीचे गिरने और स्थिर होने लगा.

उन्होंने कहा कि हमने कॉकपिट के पास लोगों को भागते हुए देखा और समझ गए कि एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू मार दिया है. एक यात्री और क्रू मेंबर ने स्थिति को संभाला, और किस्मत से प्लेन में एक और पायलट मौजूद था जिसने प्लेन का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

9/11 जैसे हमले का था प्लान?

इजरायल ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया है. बेंजामिन नेतन्याहू की इमरजेंसी मीटिंग में मौजूद एक इजरायली अधिकारी ने NDTV को बताया कि 9/11 जैसा हमला करने की प्लानिंग थी.

अधिकारी का कहना है कि ओमानी को-पायलट प्लेन पर कब्जा करना चाहता था. उसका मकसद था कि वह यात्रियों के साथ इस विमान को क्रैश कर दे. लेकिन यात्रियों और कैप्टन ने उस पर काबू पा लिया और एक बहुत बड़ी दुर्घटना होते-होते बची.

इस विमान में 174 यात्री थे, जिनमें 166 इजरायली थे. सभी यात्री सुरक्षित हैं. वहीं, हमला करने वाले ओमानी को-पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और सऊदी अरब की एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं.

यह भी पढ़ेंः प्लेन में खून-खराबा और इमरजेंसी लैंडिंग... इजरायलियों को बदकिस्मती उस देश ले आई जो इजरायल को देश ही नहीं मानता

ये वीडियो भी देखेंः हजारों फिट से गिरा विमान, दुबई फ्लाइट में क्या हुआ?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Flydubai Flight Incident, Flydubai Flight Terror Attack, Dubai Tel Aviv Flight, Israel, Benjamin Netanyahu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com