दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट को बुधवार को को-पायलट ने ही हाईजैक करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय कैप्टन स्मित मछार ने इसे नाकाम कर दिया. स्मित मछार की सूझबूझ के चलते ही विमान में सवार 174 लोगों की जान बच सकी. अब इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी स्मित मछार की बहादुरी को सलाम किया है.
नेतन्याहू ने क्या कहा?
नेतन्याहू ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 'मैं भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए सलाम करता हूं.'
नेतन्याहू ने लिखा, 'चाकू लगने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने मुकाबला किया, विरोध किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों और क्रू को हमलावर पर काबू पाने में मदद की, जिससे हवा में एक बड़ी दुर्घटना टल गई.

उन्होंने कहा कि कैप्टन मछार के कारण ही इजरायली नागरिकों समेत 174 लोगों की जान बच सकी. नेतन्याहू ने कहा कि 'मैं कैप्टन मछार के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करता हूं. वह एक सच्चे हीरो हैं.'
यह भी पढ़ेंः 'मुझे कुछ हुआ तो मेरे बच्चों का क्या होगा', यात्री ने बताया फ्लाईदुबई के खूंखार पायलट पर कैसे पाया काबू?
फ्लाइट में क्या हुआ था?
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट दुबई से रवाना हुई और 34,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गई.
उड़ान भरने के दो घंटे 15 मिनट बाद, बोइंग 737 MAX अचानक तेजी से नीचे की ओर गया. यह एक मिनट से भी कम समय में 34,000 फीट से गिरकर लगभग 17,000 फीट पर आ गया.
हुआ ये था कि ओमानी को-पायलट ने चाकू से कैप्टन स्मित मछार पर हमला कर दिया था. इसके बावजूद कैप्टन स्मित ने सूझ-बूझ दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था. इस कारण यात्रियों और क्रू को कॉकपिट में आने और हमलावर का मुकाबला करने का मौका मिल गया. सभी ने मिलकर फिर हमलावर को काबू में ले लिया.
इस फ्लाइट में कुल 180 लोग सवार थे, जिनमें 174 यात्री थे. इनमें से 166 इजरायली नागरिक थे. इस पूरी घटना के बाद फ्लाइट में ही यात्रा कर रहे पायलटों ने कंट्रोल संभाला और फ्लाइट की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.
हमला करने वाले को-पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और सऊदी अरब की एजेंसियां उसकी जांच कर रही हैं. वहीं कैप्टन स्मित का इलाज चल रहा है.
यह भी पढ़ेंः भारतीय पायलट ने बचाई इजरायल जा रहे विमान के यात्रियों की जान, चाकुओं से हुए हमले भी नहीं डिगा पाए
ये वीडियो भी देखेंः हजारों फिट से गिरा विमान, दुबई फ्लाइट में क्या हुआ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं