विज्ञापन

ट्रंप अपने 80वें बर्थडे पर काटना चाहते थे डील वाला केक, ईरान ने मजा किरकिरा कर दिया

डोनाल्ड ट्रंप चाहते थे कि ईरान से डील फाइनल होने की घोषणा उनके 80वें जन्मदिन के दिन यानी 14 जून को किया जाए लेकिन तेहरान को यह मंजूर नहीं था.

ट्रंप अपने 80वें बर्थडे पर काटना चाहते थे डील वाला केक, ईरान ने मजा किरकिरा कर दिया
US Iran Deal: अमेरिका और ईरान में शांति डील फाइनल (फोटो- AFP)
  • अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रविवार को 80 साल के हो गए. वह चाहते थे कि इस दिन ईरान डील का ऐलान हो
  • ईरान नहीं चाहती थी कि समझौते का ऐलान ईरान में आधी रात से पहले हो, क्योंकि उस समय ट्रंप का जन्मदिन होता
  • ईरान में आधी रात के कुछ ही मिनटों बाद ही डील फाइनल होने का ऐलान किया गया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रविवार, 14 जून को 80 साल के हो गए. ट्रंप के लिए यह बड़ा दिन था और उन्होंने पहले ही अपने बर्थडे को खास बनाने के लिए हर तैयारी की हुई थी. ट्रंप अमेरिका के इतिहास में पहले ऐसे राष्ट्रपति हैं जिन्होंने जन्मदिन मनाने के लिए व्हाइट हाउस के लॉन में UFC फाइट करवाया है. उनकी एक चाहत और थी- ईरान के खिलाफ 107 दिन पहले जो जंग उन्होंने शुरू किया था, उसे खत्म करने की डील का ऐलान भी उनके जन्मदिन के दिन हो जाए. लेकिन ट्रंप की इस चाहत पर कुछ हद तक ईरान ने पानी फेर दिया. अमेरिका और ईरान के बीच डील फाइनल होने की घोषणा तो हुई लेकिन कुछ घंटे की देरी की वजह से ट्रंप 'डील वाला केक' पूरी तरह नहीं काट पाए.

दरअसल CNN की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के एक अधिकारी ने बताया कि ईरान की इस्लामिक सरकार नहीं चाहती थी कि समझौते का ऐलान ईरान में आधी रात से पहले हो, क्योंकि उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जन्मदिन होता. ईरान की बात मान ली गई- कम से कम कुछ हद तक तो जरूर. ईरान में आधी रात के कुछ ही मिनटों बाद ही डील फाइनल होने का ऐलान किया गया, जिससे ईरान में तो सोमवार हो गया, लेकिन अमेरिका में रविवार यानी ट्रंप का जन्मदिन ही रहा.

अमेरिका ईरान में डील फाइल

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता फाइनल हो चुका है. 19 जून को स्विट्जरलैंड में डील पर मुहर लगेगी, जिसके तहत सभी मोर्चों पर (लेबनान में भी) सैन्य कार्रवाई को "तुरंत और हमेशा के लिए" खत्म किया जाएगा.

इसके साथ मिडिल ईस्ट में तीन महीने से ज्यादा समय से चल रही जंग अब समाप्त होने जा रही है. इस शांति समझौते की घोषणा सबसे पहले मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले पाकिस्तान ने की थी, जिसे बाद में अमेरिका और ईरान दोनों ने पुष्टि की.

यह समझौता इस जंग की सबसे बड़ी कूटनीतिक सफलता माना जा रहा है. इस समझौते के तहत दोनों देशों को उन परमाणु मुद्दों पर बातचीत के लिए 60 दिन का समय मिलेगा. बातचीत में शामिल पक्षों के अनुसार, इस समझौते के लागू होते होर्मुज खोला जाएगा. इससे दुनिया भर के तेल और ऊर्जा बाजारों पर पड़ा दबाव कम हो सकता है. यहां ध्यान रहे कि होर्मुज तुरंत पूरी तरह नहीं खुल सकता, क्योंकि समुद्र में बिछी बारूदी सुरंगों को हटाने, क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने में समय लग सकता है. इसके बाद ही युद्ध से पहले जैसी पूरी जहाज आवाजाही बहाल हो पाएगी.

यह भी पढ़ें: ईरान की हो गई चांदी! अमेरिका से डील के बाद किसे क्या मिलेगा? समझौते के 14 प्वाइंट आए सामने

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, US Iran Deal, Donald Trump
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com