- एक भारतीय क्रू सदस्य अभी भी लापता है और उसकी तलाश ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर जारी है
- भारत का ओमान स्थित दूतावास स्थिति पर नजर रख रहा है और बचाव अभियान में सक्रिय सहयोग कर रहा है
- भारत ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित नेविगेशन की आवश्यकता पर बल दिया है
ओमान के तट के पास भारतीय क्रू वाले जहाज पर आज हमला हुआ है. इसमें 14 भारतीय सवार थे. भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस पर बयान जारी किया है. विदेश मंत्रालय ने बताया कि 14 क्रू सदस्यों में से 13 को बचा लिया गया है. एक सदस्य अभी भी लापता है. उसकी तलाश जारी है.
विदेश मंत्रालय का बयान
विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, 'हम आज ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज MT El Gaia पर हुए हमले की निंदा करते हैं. जहाज पर मौजूद 14 भारतीय क्रू सदस्यों में से अब तक 13 भारतीयों को बचा लिया गया है. लापता भारतीय नागरिक की खोज और बचाव का काम जारी है. ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और खोज और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से तालमेल बिठा रहा है. हम अपने नागरिकों को बचाने में मदद के लिए ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद करते हैं.
हम तनाव को तुरंत कम करने और क्षेत्र में शांति लाने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपनी अपील दोहराते हैं. इस क्षेत्र में कमर्शियल शिपिंग, नाविकों, आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है. हम यह भी आग्रह करते हैं कि क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से आजाद और सुरक्षित नेविगेशन और व्यापार का प्रवाह जल्द से जल्द बहाल किया जाए.'
क्यों हुआ हमला
अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध के कारण समंदर खतरनाक हो गए हैं. कमर्शियल वाहनों को भी निशाना बनाया जा रहा है. इसी चलते कई चीजों की कीमतें भी बढ़ रही हैं. कारण ये है कि जहाजों की आवाजाही कम हो गई है. इसके चलते सामानों की किल्लत हो रही है और कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है. हालांकि, भारत में अब तक ऐसी स्थिति नहीं हुई है, मगर फिर भी थोड़ा बहुत असर तो हो ही रहा है.
यह भी पढ़ें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं