सिंध प्रांत में कबायलियों ने हिन्दू समुदाय के एक सदस्य पर एक बालिका के साथ दुराचार का आरोप लगाते हुए समुदाय के लोगों पर हमला कर दिया।
कराची:
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सशस्त्र कबायलियों ने अल्पसंख्यक हिन्दू समुदाय के एक सदस्य पर सात वर्षीय बालिका के साथ दुराचार का आरोप लगाते हुए बदले की कार्रवाई के तहत समुदाय के लोगों पर हमला कर दिया। पुलिस ने इस घटना में हस्तक्षेप किया और उसकी कार्रवाई में दो हमलावरों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस थाना प्रभारी जावेद आलम ने शुक्रवार शाम कहा कि पन्नू अकील शहर में एक कालहोरो लड़की के साथ कथित दूराचार के बदले की कार्रवाई के तहत 20 से अधिक (कलहोरो समुदाय के) सशस्त्र हमलावरों ने गत गुरुवार को हिन्दुओं की सम्पत्ति पर हमला कर दिया। उनका आरोप था कि एक निजी विद्यालय के हिन्दू समुदाय के दरबान ने कलहोरो समुदाय की एक बालिका के साथ दुराचार किया। हमले की खबर पर हमलावरों को खदेड़ने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पन्नू अकील नगर पहुंच गए। पुलिस की ओर से हमलावरों के खिलाफ की गई गोलीबारी में दो कबायलियों की मौत हो गई। इस घटना में एक हिन्दू व्यापारी और एक पुलिसकर्मी समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं। भारत-पाकिस्तान के वर्ष 1947 में बंटवारे के बाद से सिंध प्रांत के भीतरी इलाके में बड़ी संख्या में हिन्दू रहते हैं। पन्नू अकील नगर के हिन्दुओं ने कबायलियों की ओर से हमले की आशंका में अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे थे। कबायलियों ने तीन दुकानों को भी आग लगा दी।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
पाकिस्तान, हिन्दू, हमला, सिंध, कबाइली