विज्ञापन
This Article is From Oct 07, 2015

'बिल क्लिंटन होते थे 'घरेलू हिंसा' के शिकार' - नई किताब का दावा

'बिल क्लिंटन होते थे 'घरेलू हिंसा' के शिकार' - नई किताब का दावा
अमेरिकी के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन अपनी पत्नी हिलेरी क्लिंटन के साथ (फाइल फोटो)
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन इन दिनों राष्ट्रपति चुनाव के अभियान में व्यस्त हैं। डेमोक्रैटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की प्रबल दावेदार समझी जा रही हिलेरी ने महिलाओं के मुद्दे को काफी गंभीरता से उठा रखा है। लेकिन इन सबके बीच एक किताब ने यह आरोप लगाकर उनके व्यवहार पर सवाल उठा दिए हैं कि वह अपने पति बिल क्लिंटन को 'पीटती' थीं।

अमेरिकी अख़बार डेली मेल में छपी ख़बर के अनुसार राजनीतिक सलाहकार रोजर स्टोन की लिखी नई किताब 'The Clintons' War on Women' ने हिलेरी पर आरोप लगाया है कि वह अपने पति बिल क्लिंटन और स्टाफ के प्रति हिंसा करती थीं।

अख़बार के मुताबिक किताब में लिखा है कि 'हिलेरी अपने पति बिल पर सामान फेंककर मारती थीं, उन्हें इस तरह नोचती थीं कि कई बार खून भी निकल जाता था।' हालांकि अभी तक इस किताब पर हिलेरी क्लिंटन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

आलोचनाओं से घिरी हिलेरी

अमेरिकी चुनाव सिर पर हैं और हिलेरी क्लिंटन ज़ोर शोर से प्रचार प्रसार में लगी हैं। अमेरिका के घरों में गन रखने के  बढ़ते प्रचलन और हिंसा को वजह बताकर वह देश की गन पॉलिसी में सख्ती लाने की मांग कर रही हैं, वहीं महिलाओं की आज़ादी से जुड़े मुद्दे भी उठा रही हैं। लेकिन इसके बीच वह आलोचनाओं से भी नहीं बच पा रही हैं।

कुछ दिन पहले ही उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को निशाना बनाते हुए कहा था कि 'वह संयुक्त राष्ट्र में महिलाओं के अधिकारों पर सम्मेलन कर रहे हैं लेकिन अपने देश में बंदी बनी 6 महिलावादियों को नहीं छोड़ पा रहे हैं।' हिलेरी के इस बयान पर उन्हें चीन के लोगों से काफी आलोचनाएं झेलनी पड़ी थीं।

 
एक ट्वीट में तो यह तक लिख दिया गया था कि 'हिलेरी आप जल्दी अपने घर पहुंचिए, वहां लेविंस्की, बिल के साथ हैं। चीन के बारे में अनाप शनाप बोलने से अच्छा है, अपने काम से काम रखिए।'

गौरतलब है कि अपनी स्टाफ कर्मी मोनिका के साथ अफ़ेयर के कारण तत्कालीन अमरीकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को महाभियोग का सामना करना पड़ा था। 2014 में वेनिटी फ़ेयर मैगज़ीन में प्रकाशित लेख में मोनिका लेविंस्की ने माना था कि उन्हें अपने अफ़ेयर पर गहरा अफ़सोस है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com