विज्ञापन
This Article is From Sep 03, 2018

पाकिस्तान का अमेरिका पर पलटवार, '30 करोड़ डॉलर सहायता राशि नहीं बल्कि हमारा ही पैसा'

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने अमेरिका द्वारा 300 मिलियन डॉलर की सैन्य सहायता रोके जाने पर कहा है कि यह धनराशि पाकिस्तान की है और उसे वापस मिलनी चाहिए.

पाकिस्तान का अमेरिका पर पलटवार, '30 करोड़ डॉलर सहायता राशि नहीं बल्कि हमारा ही पैसा'
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने अमेरिका द्वारा 300 मिलियन डॉलर की सैन्य सहायता रोके जाने पर कहा है कि यह धनराशि पाकिस्तान की है, जो उसने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में खर्च की थी और यह राशि उसे वापस मिलनी चाहिए. पेंटागन ने शनिवार को घोषणा की थी कि वह आतंकवादी समूहों से निपटने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाने के चलते पाकिस्तान को दी जाने वाली 300 मिलियन डॉलर की सैन्य सहायता को रोकेगा. कुरैशी ने कहा कि इस मामले को पांच सितंबर को अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ की देश की यात्रा के दौरान उठाया जाएगा.

यह भी पढ़ें : पाकिस्तान की इमरान सरकार को बड़ा झटका, इस वजह से अमेरिका ने 300 मिलियन डॉलर की मदद पर लगाई रोक

अमेरिका के निर्णय की घोषणा के बाद रविवार को जल्दबाजी में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन के दौरान कुरैशी ने कहा, '300 मिलियन डॉलर न तो सहायता है और न ही सहयोग. पाकिस्तान ने यह राशि अपने संसाधनों से आतंकवादियों और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में खर्च की है, लेकिन अब वे इसे वापस देने के इच्छुक नहीं हैं.' उन्होंने कहा, 'यह हमारा पैसा है जो हमने खर्च किया है और वे (अमेरिका) केवल इसकी प्रतिपूर्ति कर रहे थे.'

यह भी पढ़ें : घर से PM आवास हेलिकॉप्टर से जाते हैं इमरान खान, लोगों ने कहा- सोच रहा हूं, कार बेचकर हेलिकॉप्टर खरीद लूं

इससे पूर्व उन्होंने बीबीसी उर्दू से कहा कि सैद्धांतिक रूप से अमेरिका को पाकिस्तान को यह धनराशि वापस करनी चाहिए क्योंकि शांति और स्थिरता का माहौल बनाने और आतंकवाद को पराजित करने के उद्देश्य से इसे खर्च किया गया है. उन्होंने कहा, 'हम बैठेंगे और उनके (पोम्पिओ) के साथ इस पर चर्चा करेंगे. हम दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने का प्रयास करेंगे. हम उन्हें सुनेंगे और उनके समक्ष अपने रुख को रखेंगे.'

यह भी पढ़ें : सिंधु जल समझौते में क्यों अटकी है पाकिस्तान की 'जान', भारत अगर संधि तोड़ दे तो फिर क्या होगा?

धनराशि रोके जाने पर पाकिस्तान के विकल्पों के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका से बात करेगा क्योंकि पाकिस्तान पहले ही यह धनराशि खर्च कर चुका है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पोम्पिओ की आगामी यात्रा का स्वागत करता है, क्योंकि इससे एक दूसरे के नजरिये को समझने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अमेरिका के बीच विश्वास में कमी आई है लेकिन सरकार संबंधों को सुधारना और दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली चाहती है. कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ सरकार मौजूदा तनाव या अमेरिका द्वारा धनराशि रोके जाने के लिए जिम्मेदार नहीं है. उन्होंने वर्तमान तनाव के लिए देश के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि इमरान खान की नई सरकार पाकिस्तान के हितों को ध्यान में रखकर सभी फैसले लेगी.

(इनपुट :भाषा)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shah Mehmood Qureshi, United States
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com