विज्ञापन

उत्तराखंड में भारी बारिश से कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त, पहाड़ों से गिर रहे पत्थर; गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

उत्तराखंड में लगातार भारी बारिश से पहाड़ और मैदान दोनों जगह जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. कई जगह सड़कें बंद, जलभराव और फसल को नुकसान की खबरें हैं.

उत्तराखंड में भारी बारिश से कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त, पहाड़ों से गिर रहे पत्थर; गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद
उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गिर रहा मलबा.
NDTV

उत्तराखंड में भी भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. पहाड़ों पर तो ज्यादा मुश्किलें बढ़ गई हैं. उत्तरकाशी जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद गया है, क्योंकि नालू पानी के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिर रहे हैं. इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई है और लोग घरों से बाहर निकल नहीं पा रहे हैं.

राजमार्ग पर लगी लंबी कतारें, पहाड़ों से गिर रहा मलबा

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग बंद होने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. एनएच (NH) और बीआरओ के कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

टिहरी नरेंद्रनगर के बगड़धार के पास NH-34 पर पहाड़ी से मलबा.

टिहरी नरेंद्रनगर के बगड़धार के पास NH-34 पर पहाड़ी से आया मलबा

टिहरी–उत्तरकाशी बॉर्डर पर नगुण के पास भी लगातार पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं, जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध है. मौके पर जेसीबी मशीन एवं संबंधित विभाग की टीम मौजूद है, लेकिन लगातार पत्थर गिरने और तेज बारिश के कारण मार्ग खोलने का काम सुरक्षित रूप से प्रारंभ नहीं हो पा रहा है. बारिश और पत्थर गिरना बंद होते ही मार्ग खोलने का कार्य तत्काल शुरू कर दिया जाएगा.

टिहरी–उत्तरकाशी बॉर्डर पर नगुण के पास लगातार पहाड़ी से पत्थर गिर रहे

टिहरी–उत्तरकाशी बॉर्डर पर नगुण के पास लगातार पहाड़ी से पत्थर गिर रहे

टिहरी-नरेंद्रनगर के बगड़धार के पास NH-34 पर पहाड़ी से मलबा आने के कारण मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. पुलिस और संबंधित विभाग मार्ग खोलने में जुटे हैं.

उधम सिंह नगर के जसपुर में रात भर बारिश के बाद हर तरफ पानी ही पानी

उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में भी रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. रातभर बारिश के बाद शहर में जल भराव हो गया है. पानी इतना बरसा कि लोगों के घरों तक में घुस गया और खेत भी जलमग्न हो गए. कई खेत पूरी तरह डूब गए हैं. लोगों का कहना है कि पानी भर जाने से फसल भी बर्बाद हो जाती है. आपको बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही भारी बारिश का अनुमान जताया था, जो अब सही साबित होता दिखाई दे रहा है. स्थानीय निवासी कुलदीप सिंह और सुरेश ने भी बारिश की वजह से फसल को नुकसान की बात कही है.

Latest and Breaking News on NDTV

रुड़की में मूसलाधार बारिश से शहर बना समंदर

मूसलाधार बारिश ने रुड़की शहर की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया है. हाईवे से लेकर कई इलाकों में कई फीट तक जलभराव हो गया, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया. हालात का जायजा लेने के लिए रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, एमएलए गोपाल राम बेनीवाल और वरिष्ठ भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल खुद ट्रैक्टर पर सवार होकर जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचे और नगर निगम अधिकारियों को जल निकासी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं,

Latest and Breaking News on NDTV

हरिद्वार में आज स्कूल थे बंद, बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

हरिद्वार में भी बारिश का दौर जारी है. तेज बारिश के चलते हरिद्वार के कई जगहों पर जलभराव हो गया है. भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ने भी गुरुवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी. बारिश में सबसे गंभीर स्थिति में भगत सिंह चौक और चंद्राचार्य चौक की है, जहां चौक और सड़क तालाब की तरह नजर आ रही है. जलभराव के चलते पैदल चलने वाले और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कई जगह पर सड़क भी धंसने लगी.

भगत सिंह चौक के निकट रेलवे ब्रिज के नीचे कई फीट पानी भर गया है, जो चंद्राचार्य चौक तक जलभराव नजर आ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश की वजह से यहां जलभराव की समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला है.

(उत्तरकाशी से मुकेश जगमोहन, रुड़की से विनीत त्यागी, उधम सिंह नगर से मुनेश चौहान और हरिद्वार से राहुल कुमार की रिपोर्ट)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gangotri National Highway, Uttarkashi Rain, Uttarakhand Rain And Landslides, Uttarakhand Rain, Uttarakhand Weather
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com