- उत्तराखंड के रुद्रपुर में नमाज पढ़ रहे शाहिद राज मिस्त्री को मारपीट का शिकार बनाया गया
- शाहिद राज का परिवार उत्तर प्रदेश के रामपुर से 22 साल पहले रुद्रपुर आया था और वे गरीब परिवार से संबंध रखते हैं
- शाहिद की मां सद्दीकन ने बताया कि बेटे के साथ मारपीट की जानकारी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मिली
नमाज पढ़ रहे मुस्लिमों से मारपीट के कई वीडियो सामने आते हैं. अब ऐसा ही एक वीडियो उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर से सामने आया है, जहां नमाज पढ़ रहे एक व्यक्ति को बुरी तरह पीटा गया. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. वहीं, हिंदू संगठनों ने भी पुलिस को शिकायत देकर जांच के बाद कार्रवाई की मांग की है.
मामला रुद्रपुर से सामने आया है, जहां शाहिद राज मिस्त्री को इसलिए मारा-पीटा गया क्योंकि वो नमाज पढ़ रहे थे. शाहिद राज का परिवार उत्तर प्रदेश के रामपुर से 22 साल पहले रुद्रपुर आकर बसा था. उनके तीन बेटे- उस्मान, परवेज, जावेद और एक बेटी केसर जहां है. केसर जहां की शादी हो चुकी है. शाहिद की पत्नी गृहिणी हैं और उनकी मां सद्दीकन भी उनके साथ ही रुद्रुपुर के रेशमबाड़ी में रहती हैं.
शाहिद बहुत ही गरीब परिवार से आते हैं. रेशमबाड़ी में उनका छोटा सा मकान है. शाहिद जैसे-तैसे अपने परिवार का पेट पालते हैं. उन्हें कभी काम मिलता है तो कभी नहीं.
‘ब्राह्मण की जमीन पर कैसे नमाज पढ़ रहा है'
— NDTV India (@ndtvindia) February 25, 2026
उत्तराखंड के रुद्रपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.जिसमें कुछ लोगों एक बुज़ुर्ग मुस्लिम व्यक्ति के साथ कथित रूप से मारपीट करते और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए दिख रहे है. बुज़ुर्ग मुस्लिम व्यक्ति पर आरोप है कि… pic.twitter.com/9fOBaLsnmq
पिटाई का वीडियो देख घबराई मां
शाहिद की मां सद्दीकन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें बेटे के साथ मारपीट होने की जानकारी मिली. उन्होंने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि अल्लाह की इबादत करने के लिए बेटे को इतनी बुरी तरह पीटा जाएगा और जय श्रीराम के नारे लगवाए जाएंगे.
उन्होंने बताया कि जब उनका बेटा शाहिद घर आया तो उसने कुछ भी नहीं बताया लेकिन जैसे ही ये मोबाइल में वीडियो आया तो इसे देखकर मैं दंग रह गई और जब जाकर हम पुलिस चौकी गए.

उन्होंने बताया कि एक प्लॉट के पास शाहिग काम करने गया था. तीन दिन से वह उसी प्लॉट पर नमाज पढ़ रहा था लेकिन चौथे दिन उसके साथ मारपीट हुई और कहा गया कि वह यहां पर नमाज क्यों पढ़ रहा है?
मां ने आगे कहा कि उनका बेटा बीमार रहता है. तीन साल तक कोमा में रह चुका है. उन्होंने कहा कि मेरे बेटे ने हाथ जोड़े हैं लेकिन उसे रहम नहीं आया. उससे जय श्रीराम के नारे लगाने को कहा गया. धमकी दी कि अगर नारे नहीं लगाएगा तो नहर में फेंक देंगे.
शाहिद ने क्या बताया?
वहीं, शाहिद ने अपने साथ हुई इस घटना के बारे में कुछ जानकारी दी है. शाहिद ने दावा किया कि वह नमाज पढ़ रहे थे कि तभी एक व्यक्ति आया और उनसे गाली-गलौज करने लगा और मारपीट शुरू कर दी. शाहिद ने कहा कि उसने आकर कुछ बोला नहीं और आते ही गाली-गलौज करने के बाद मारपीट करने लगा.
उसने बताया कि उसे डंडे से खूब मारा गया. शाहिद ने कहा कि जिस जगह वह नमाज पढ़ रहा था, वहां से मंदिर बहुत दूर है. उसने दावा किया कि उससे जय श्रीराम के नारे लगवाए गए. उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं