केदारनाथ यात्रा में वीआईपी बनने का शौक एक वाहन चालक को उस वक्त भारी पड़ गया, जब रुद्रप्रयाग पुलिस ने ‘बिहार सरकार' लिखी स्कॉर्पियो को पकड़कर मौके पर ही सीज कर दिया. फर्जी रुतबा दिखाकर यात्रा मार्ग पर नियम तोड़ने की कोशिश कर रहे लोगों पर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया कि चारधाम यात्रा में कानून से ऊपर कोई नहीं है.
रोहित डिमरी की रिपोर्ट...
चेकिंग के दौरान पकड़ में आई स्कॉर्पियो
रविवार को कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस और यातायात पुलिस की टीम केदारनाथ यात्रा मार्ग पर संयुक्त चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो पुलिस को संदिग्ध लगी. गाड़ी पर बड़े अक्षरों में ‘बिहार सरकार' लिखा था, जिसने तुरंत पुलिस का ध्यान खींच लिया.
अवैध हूटर और फर्जी नेम प्लेट का इस्तेमाल
जब पुलिस ने गाड़ी की जांच की तो पता चला कि उस पर अवैध रूप से हूटर लगाया गया था और साथ ही सरकारी पहचान दिखाने के लिए नेम प्लेट भी लगाई गई थी. पूछताछ के दौरान गाड़ी में मौजूद लोग उस पहचान से जुड़े नहीं निकले और किसी भी तरह का वैध दस्तावेज भी नहीं दिखा सके.
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चालक और उसके साथियों ने यात्रा के दौरान वीआईपी सुविधा पाने और चेकिंग से बचने के लिए यह तरीका अपनाया था. फर्जी ‘बिहार सरकार' लिखकर वे लोगों और प्रशासन पर धौंस जमाने की कोशिश कर रहे थे.
‘ऑपरेशन प्रहार' के तहत लगातार कार्रवाई
मामले को गंभीर मानते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. वाहन से अवैध हूटर और नेम प्लेट को जब्त कर लिया गया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत स्कॉर्पियो को मौके पर ही सीज कर दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार' अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत नियम तोड़ने वाले और फर्जी रुतबा दिखाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं