वीकेंड के तुरंत बाद आज सोमवार को सोमवती अमावस्या स्नान होने के चलते यूपी, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा से लाखों श्रद्धालु अपने वाहनों से हरिद्वार (Haridwar) पहुंच गए. इसके चलते ना केवल हाईवे बल्कि शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई है. इस कारण शहर के आम लोगों को भी जाम का सामना करना पड़ रहा है. अत्यधिक वाहनों के कारण हरिद्वार के सभी हाईवे गाड़ियों से भरे पड़े हैं , जिधर भी देखो वाहन ही वाहन दिखाई दे रहे हैं.
हालांकि, अब दिन ढलने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या कम हो रही है, क्योंकि गंगा स्नान करने के बाद लोग अब लौट रहे हैं. फिर भी ट्रैफिक जाम की समस्या अभी भी है.

क्या बोले एसएसपी
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि सोमवती अमावस्या का स्नान एक बड़ा स्नान है. व्यवस्था के लिए मेला क्षेत्र को 6 सुपर जोन, 16 जोन और 36 सेक्टर में बांटा गया है. एसएसपी का कहना था कि सुबह गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं की वापसी शुरू हो गई है. इससे शहर पर बना दबाव कम हो रहा है. हरिद्वार में सभी पार्किंग मुख्य मार्ग पर ही बनी हैं, जैसे-जैसे पार्किंग में जगह बनती जाएगी तो आने वाली गाड़ियों को स्थान दिया जाएगा.
एसएसपी ने सभी से अपील की है कि यात्री धर्म नगरी की मान्यता से स्नान करें और हुड़दंग ना करें. सुरक्षा कर्मियों को सहयोग दें और सभी जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कार्य कर रहे है.
त्रिवेणी संगम पर लग रही है आस्था की डुबकी
ऋषिकेश में त्रिवेणी संगम के गंगा तटों पर सोमवती अमावस्या के स्नान के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु तड़के सुबह पहुंच गए. सुबह से ही श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमा रहे हैं. जानकर बताते है कि सोमवती अमावस्या के अवसर पर गंगा में स्नान का विशेष लाभ होता और दान-पुन्य का विशेष फल मिलता है और अगला जन्म भी सुधर जाता है. चारधाम यात्रा और गंगा घाट में हजारों की भीड़ के भीड़ को देखते हुए ऋषिकेश प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
ये भी पढ़ें- देहरादून में युवक के मर्डर के बाद बवाल की 10 तस्वीरें, सामान राख, घर बने खंडहर; बैरागीवाला में खौफनाक सन्नाटा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं