जूना अखाड़े के रमता पंचों के नगर प्रवेश के साथ ही कुंभ मेला 2027 का आगाज आज कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर हो गया. उत्तराखंड सरकार द्वारा कुंभ मेला 2027 को महाकुंभ की तर्ज पर मनाए जाने के फैसले के बाद यह पहला मौका है जब किसी अखाड़े के रमता पंचों ने नगर प्रवेश किया. चंडी घाट चौक पर भी जूना अखाड़े के रमता पंचों और संतों का भव्य स्वागत किया गया. जूना अखाड़े के रमता पंचों की यह टोली ज्वालापुर स्थित पांडवाला में पहुंचे. जहां वे लगभग एक माह तक वहीं विश्राम करेंगे. इसके बाद 14 जनवरी को जूना अखाड़े की पेशवाई निकाली जाएगी, जो शहर भ्रमण करते हुए जूना अखाड़े की छावनी में पहुंचेगी, जहां से ही जूना अखाड़ा कुंभ मेले की सभी गतिविधियां करेगा.
जूना अखाड़े के नगर प्रवेश के विषय में जानकारी देते हुए जूना अखाड़े के राष्ट्रीय प्रवक्ता महंत नारायण गिरी ने बताया कि श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े का आज नगर प्रवेश हो चुका है. उन्होंने कहा कि अखाड़े के पंच परमेश्वर के आगमन के बाद अब पांडवाला में अस्थाई रूप से विश्राम किया जाएगा और 14 जनवरी को भव्य पेशवाई निकाली जाएगी. उन्होंने बताया कि हरिद्वार कुंभ मेला 2027 का विशेष रूप से प्रारंभ आज से हो गया है और यह मेला 14 अप्रैल तक चलने वाला है.
रमता पंचों का स्वागत कुंभ मेला अधिकारी ने किया
मेला प्रशासन की ओर से जूना अखाड़े के रमता पंचों का स्वागत करने पहुंची कुंभ मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि नगर प्रवेश के साथ ही कुंभ का आगाज और शुरुआत हो रही है. उन्होंने कहा कि कुंभ मेला टीम, प्रशासन और पुलिस की पूरी टीम स्वागत के लिए मौजूद है और कोशिश की जा रही है कि कुंभ से जुड़े सभी काम तथा प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाएं, ताकि एक अच्छा, स्वच्छ, सफल और सुरक्षित कुंभ आयोजित किया जा सके. पांडवाला में संतों के ठहरने को लेकर उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार बिजली, पानी, टेंट, लेवलिंग और अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं. जूना अखाड़े के रमता पंच मुरादाबाद से चलकर हरिद्वार के श्यामपुर कांगड़ी गांव पहुंचे, जहां पर मेला प्रशासन की ओर से मेला अधिकारी सोनिका एवं कुंभ मेला आईजी योगेंद्र रावत सहित जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर एवं अन्य अधिकारियों ने जूना अखाड़े के रमता पंचों और अन्य संतों का भव्य स्वागत किया.
कार्तिक पूर्णिमा और देव दिवाली से आगाज
जूना अखाड़ा के प्रेम गिरी महाराज ने कहा कि आज देव दीपावली ओर कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जूना अखाड़े का नगर प्रवेश हो चुका है. जूना अखाड़े उपाचार्य ब्रह्मनिष्ठ सुश्री कपिलपुरी जी महाराज, प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज, वरिष्ठ अध्यक्ष उमाशंकर भारती जी, उपाध्यक्ष विद्यानंद सरस्वती जी, महामंत्री केदार पुरी जी तथा अन्य महापुरुषों व संतों की उपस्थिति रही.रमता पंच के पड़ाव व निवास के बाद 14 जनवरी को पेशवाई तथा रमता पंच की छावनी के हनुमान मंदिर, बिरला घाट पहुंचने की संभावना है. आज से ही 2027 के हरिद्वार कुंभ मेले का उद्घोष व आगाज माना गया है. जूना अखाड़े को सबसे बड़ा अखाड़ा बताते हुए इसमें नागा संन्यासी, महामंडलेश्वर आदि पदों और प्रयागराज में बड़ी संख्या में महामंडलेश्वरों की उपस्थिति रही. उत्तर प्रदेश की तर्ज पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध और अखाड़ा परिषद, संत समाज की सहमति से हरिद्वार में कुंभ मेला आगे बढ़ेगा.
जनवरी 2027 में कुंभ का 14 जनवरी से ध्वजारोहण
अखाड़े की ओर से कहा गया कि देव दिवाली के दिन हमारे अखाड़े के संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि जी के आदेशानुसार आज हमारे रमता पंच का प्रवेश हुआ है. आने वाले जनवरी 2027 में कुंभ का प्रारंभ 14 जनवरी से ध्वजारोहण से हो जाएगा तो उसी के साथ-साथ फिर 6 मार्च को प्रथम शाही स्नान, 8 मार्च द्वितीय शाही स्नान और उसी के साथ-साथ तृतीय शाही स्नान इस तरह से व्यवस्थाएं रखी गई हैं. इसमें अपने जैसे कार्तिक पूर्णिमा के साथ काफी सारे और भी आयोजन जुड़े होते हैं. देव दिवाली हमारे यहां अपने बनारस के अंदर मनाई जाती है तो हर आश्रम के अंदर देव दिवाली भी बड़े धूमधाम से मनाई जाती है.
पंच दशनाम जूना अखाड़े का नगर प्रवेश
जूना अखाड़ा के नारायण गिरी जी महराज ने कहा कि यह श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े का जो है नगर प्रवेश है. नगर प्रवेश अब आज हो चुका है. और हमारे पूरा श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के जो पंच हैं, पंच परमेश्वर, वह जब लेके आते हैं तो अभी पांडुवाला में हमारा जो है अस्थाई रूप से रहेंगे. और 14 जो जनवरी है उसमें जो है हमारा पेशवाई होगी, जो नगर पेशवाई होने वाली है, वह पेशवाई जो होगी उस टाइम होगी. एक तरह से मान लीजिए कि आपका यह जो है आज 24 नवंबर से लेकर 14 अप्रैल तक यह कुंभ मेला रहने वाला है. और उसमें जो है एक तरह से 2027 कुंभ मेले की जो हरिद्वार का है, वह विशेष रूप से उसका जो है प्रारंभ आज से हो गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं