- रामनगर के सरकारी अस्पताल में एक युवक कोबरा सांप को लेकर अपने इलाज के लिए पहुंचा
- अरुण कुमार सांप रेस्क्यू करते हुए डसने के बाद भी उसे डिब्बे में बंद कर अस्पताल ले गया
- अस्पताल में डॉक्टर और लोग युवक के हाथ में डिब्बे में बंद जिंदा सांप देखकर हैरान रह गए
उत्तराखंड के रामनगर के सरकारी अस्पताल में एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला. एक लड़के को कोबरा सांप ने काटा तो वह उस खतरनाक सांप को लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंच गया. उनके हाथ में जिंदा सांप देखकर लोग खौफ में आ गए. जिस सांप ने उसे कुछ देर पहले काटा उसे वह डिब्बे में बंद करके सीधे रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंच गया.
अस्पताल में युवक के साथ में कोबरा देखकर वहां मौजूद लोग हैरत में पड़ गए, हालांकि डॉक्टर्स ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया. बता दें कि मुरादाबाद जिले का रहने वाला अरुण कुमार पिछले चार-पांच सालों से रामनगर के बेड़ाझाल क्षेत्र में रह रहा हैं. वह टाइल्स लगाने का काम करता हैं. साथ ही जरूरत पड़ने पर सांपों का रेस्क्यू भी करता है.
सांप को अस्पताल लेकर पहुंचा मरीज
जानकारी के मुताबिक, रामनगर के नितिन कुमार के घर के अंदर एक कोबरा सांप घुस गया था. सूचना मिलने के बाद अरुण सांप को रेस्क्यू करने के लिए मौके पर पहुंच गया. उसने सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद करने की कोशिश की तो उसने कोबरा ने उसकी उंगली पर डस लिया. इसके बावजूद अरुण घबराया नहीं.

डिब्बे में सांप देखकर डॉक्टर्स भी हैरान
उसने पहले सांप को डिब्बे में बंद किया और फिर उसे लेकर इलाज के लिए रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गया. अस्पताल में जब डॉक्टरों और दूसरे लोगों ने उसके हाथ में डिब्बे में बंद कोबरा को देखा तो वे हैरान रह गए. वहीं अरुण ने बताया कि उसको सुबह करीब पांच बजे घर में सांप निकलने की सूचना मिली थी.

उसने मौके पर पहुंचकर कोबरा को रेस्क्यू करने की कोशिश की, तभी उसने डस लिया. जिसके बाद वह सांप को लेकर अस्पताल आ गया. डॉ. तौहीद ने बताया कि मरीज के हाथ की इंडेक्स फिंगर पर सांप के काटने के निशान हैं. उसका इलाज शुरू कर दिया गया है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें-सपेरे को 20 हजार एडवांस... नींद की 25 गोलियां और बिस्तर पर सांप; मेरठ की दामिनी ने पति को कैसे मारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं