विज्ञापन

UPTET परीक्षा में सॉल्वर गैंग रहा सक्रिय, बायोमेट्रिक और ई-केवाईसी जांच में चढ़े हत्थे

उत्तर प्रदेशके अलीगढ़ में UPTET-2026 के दौरान पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से सॉल्वर गैंग के तीन फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार किए गए. थाना क्वार्सी पुलिस और बायोमीट्रिक टीम ने श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय केंद्र पर पहली शिफ्ट में यह कार्रवाई की. बायोमेट्रिक सत्यापन और ई-केवाईसी के दौरान आरोपियों के पिता के नाम और जन्मतिथि में मिसमैच पाया गया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया.

UPTET परीक्षा में सॉल्वर गैंग रहा सक्रिय, बायोमेट्रिक और ई-केवाईसी जांच में चढ़े हत्थे
अलीगढ़ में आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) के दौरान पुलिस और परीक्षा प्रशासन की सतर्कता से तीन सॉल्वर गैंग के फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया गया.
Adnan khan

अलीगढ़ में आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) के दौरान पुलिस और परीक्षा प्रशासन की सतर्कता से तीन सॉल्वर गैंग के फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया गया. तीनों आरोपी दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास कर रहे थे. बायोमेट्रिक सत्यापन और ई-केवाईसी के दौरान पिता के नाम और जन्मतिथि में मिसमैच मिलने पर उनकी पहचान उजागर हो गई.

दरअसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान के तहत थाना क्वार्सी पुलिस, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और बायोमीट्रिक टीम ने पहली शिफ्ट में श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर जांच की. इस दौरान कृष्णा नगर निवासी उपेंद्र कुमार गौतम, नगला लोका निवासी शिव कुमार चौधरी के मथुरा के बायोमीट्रिक और ई-केवाईसी में पिता का नाम और जन्मतिथि मिसमैच मिली. इसके बाद बारीकी से की गई जांच में दोनों के दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने की बात सामने आई. इसी परीक्षा केंद्र पर एक अन्य मामले में  मथुरा के रेपुरा जाट निवासी हेमंत कुमार को भी बायोमीट्रिक जांच के दौरान ई-केवाईसी मिसमैच मिलने पर गिरफ्तार कर लिया गया.

आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने पहले मामले में थाना क्वार्सी पर मुकदमा संख्या 547/2026 और दूसरे मामले में मुकदमा संख्या 548/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है. दोनों मामलों में धारा 340(2) बीएनएस और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 की धारा 4/13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है.

फिलहाल, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार आरोपी किसी संगठित सॉल्वर गैंग या परीक्षा माफिया नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं. आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्कों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- ओडिशा में फिर मानवता हुई शर्मसार: एम्बुलेंस नहीं मिली, तो पत्नी का शव बाइक पर लेकर निकला पति!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UPTET, UPTET 2026, Aligarh, UP News, Uttar Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com