Uttar Pradesh Weather and Rain: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग (IMD) ने भी अगले 24 घंटे के लिए तेज आंधी, बारिश की संभावना जताई है और ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया है. राज्य के कई हिस्सों में 3 अप्रैल से मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ नजर आ रहा है. पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में शुक्रवार को आंधी के साथ बारिश हुई.
अचानक मौसम परिवर्तन से कुछ दिनों से बढ़ रहे तापमान में रोक लगी है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है और पारा भी लुढ़का है. बता दें कि बारिश उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में होने की संभावना है. कई जिलों में शुक्रवार को भी बदरा बरसे हैं. प्रयागराज में शुक्रवार को 5.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि वाराणसी (2.6 मिमी), गाजीपुर (1.0 मिमी), फुरसतगंज (0.1 मिमी) और सुलतानपुर में भी हल्की बारिश हुई.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर समेत आगरा, मथुरा, नोएडा सहित आसपास के जिलों में आंधी के बारिश हुई है. नोएडा में देर रात को भी बारिश हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना है.
दो दिन बारिश का अलर्ट (Rain Alert in UP)
IMD ने चेतावनी दी है कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिमी भारत दो पश्चिमी विक्षोभों (Impact of Western Disturbance) की चपेट में आ सकता है, जो 3-4 अप्रैल और 7 अप्रैल को सक्रिय रह सकते हैं. इससे उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी. उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में 4-5 अप्रैल और पूर्वी यूपी में भी 4 और 5 अप्रैल (रविवार-शनिवार) को ही बारिश होने की उम्मीद है.
किसानों की बढ़ी चिंता
यह सीजन गेंहू की फसल का है और किसानों को सबसे बड़ी चिंता से सताई जा रही है. अगर तेज हवा चलती है और बारिश या ओलावृष्टि होती है तो फसल को नुकसान हो सकता है. इससे गेंहू की बालियां भीगन से फसल की पैदावार कम हो जाएगी. इसके अलावा बारिश के कारण गेंहू काटने का काम भी रुक गया है.
ये भी पढ़ें- IAS रिंकू सिंह राही के इस्तीफे पर पिता, ताऊ और भाभी ने बयां किया दर्द, पढ़ें किसने क्या कहा?
यूपी में सबसे गर्म रहा यह जिला
राज्य की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, सुलतानपुर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. अब मौसम बदलने और कई इलाकों में बारिश होने की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं