- ओपी राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव लगातार अपने चाचा शिवपाल यादव को समाजवादी पार्टी से किनारे लगा रहे हैं.
- सपा-कांग्रेस गठबंधन की सीट बंटवारे की कमेटी में शिवपाल यादव को शामिल न किए जाने पर राजभर ने नाराजगी व्यक्त की.
- राजभर ने कहा कि भाजपा सभी समुदायों को बराबर विकास का लाभ दे रही है और मुसलमानों में इसकी अच्छी छवि बन रही है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले यूपी सरकार के मंत्री और ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर निशाना लगातार जारी है. मंगलवार को भी उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल यादव को लगातार किनारे लगा रहे हैं. सपा-कांग्रेस गठबंधन के सीट बंटवारे के लिए बनाई गई कमेटी में शिवपाल यादव का नाम नहीं होने पर राजभर ने कहा कि भतीजा बार-बार चाचा को गच्चा दे रहा है. खास बात यह है कि ओपी राजभर ने सपा नेता आजम खान पर भी बड़ा बयान दिया है.
शिवपाल यादव को किनारे लगा रहे: ओपी राजभर
सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बनाई गई कमेटी में शिवपाल यादव को शामिल नहीं किए जाने के सवाल पर राजभर ने कहा कि भतीजा बार-बार चाचा को गच्चा दे रहा है. चाहे सीट बंटवारे की कमेटी का मामला हो या राम मनोहर लोहिया ट्रस्ट का, हर क्षेत्र में अखिलेश यादव शिवपाल यादव को किनारे लगाने का काम कर रहे हैं. शिवपाल यादव ने मुलायम सिंह यादव के बाद समाजवादी पार्टी को ऊंचाई तक पहुंचाने में दूसरी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इसके बावजूद अखिलेश यादव उन्हें पार्टी में किनारे करने में लगे हुए हैं. शिवपाल यादव को किनारे करने की कोशिश में पार्टी भी प्रभावित हो रही है, इस तरह के फैसलों से समाजवादी पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है.
मुस्लिम समाज और भाजपा के प्रति उसकी धारणा को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने कहा कि मुसलमानों के बीच यह भावना बनाई गई है कि भाजपा के खिलाफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की ओर से जो बातें कही जाती हैं, वे सच्चाई नहीं हैं. उन्होंने दावा किया कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम करती है. राजभर ने कहा कि सरकार की योजनाओं में मुस्लिम, सिख, ईसाई और जैन सहित सभी समुदायों को बराबर हिस्सा मिल रहा है. ऐसे बहुत से मुसलमान हैं, जो भाजपा को वोट देने के लिए तैयार हैं. भाजपा की योजनाओं का लाभ सभी समुदायों तक पहुंच रहा है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है.
ये वीडियो भी देखिए
आजम खान पर दिया बड़ा बयान
आजम खान के लगातार दिए जा रहे बयानों पर राजभर ने कहा कि आजम खान नहीं चाहते कि मुस्लिम समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की स्थिति बेहतर हो और लोगों को नौकरी और अमन-चैन मिले. राजभर ने आरोप लगाया कि आजम खान हमेशा नफरत की बातें करते हैं. उन्होंने कहा कि जब असदुद्दीन ओवैसी मुसलमानों की शिक्षा की बात करते हैं, तो आजम खान उनका विरोध करते हैं. ओवैसी जब समाज में हिस्सेदारी की मांग उठाते हैं, तब भी आजम खान विरोध करते हैं.
आजम खान मुसलमानों का वोट नफरत के नाम पर हासिल करना चाहते हैं. इसके विपरीत, उन्होंने ओवैसी की राजनीति को शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार, नौकरी, अमन-चैन, भाईचारे और राजनीतिक हिस्सेदारी से जुड़ा बताया. राजभर ने कहा कि ओवैसी मुस्लिम समाज को इन मुद्दों पर एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान ऐसे प्रयासों का समर्थन करने के बजाय उनका विरोध कर रहे हैं.
ये भी पढ़ेंः UP में बीजेपी का महामंथन, हारी सीटों को 2027 में जीतने का प्लान, SSR का बना रोडमैप, मोदी-शाह करेंगे ताबड़तोड़ दौरे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं