- यूपी के फतेहपुर में बीजेपी MLA कृष्णा पासवान ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए खुद फावड़ा उठाया
- खागा विधानसभा क्षेत्र में बनी 2200 मीटर लंबी सड़क की गुणवत्ता खराब पाई गई, जिसके कारण विधायक ने जांच की
- विधायक ने लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन और जेई को कड़ी फटकार लगाई और मानकों के अनुरूप निर्माण का निर्देश दिया
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की एक बड़ी तस्वीर सामने आई है. खागा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने सड़क निर्माण में हो रही धांधली को रंगे हाथों पकड़ने के लिए खुद फावड़ा उठा लिया. विधायक की इस कार्रवाई से लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों और ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है. मामला अहिमापुर से रतनपुर तक बनाई जा रही 2200 मीटर लंबी सड़क का है. इस डामरीकरण कार्य की कुल लागत 37 लाख 99 हजार रुपये है. ग्राम प्रधान द्वारा सड़क की खराब गुणवत्ता की शिकायत मिलने पर विधायक कृष्णा पासवान मौके पर पहुंचीं. जब उन्होंने फावड़े से सड़क को खोदकर देखा, तो नई बनी सड़क किसी पपड़ी की तरह उखड़ने लगी.
फतेहपुर के खागा में सड़क निर्माण की धांधली उजागर—विधायक कृष्णा पासवान ने फावड़ा चलाकर सड़क की क्वालिटी की हकीकत सामने रखी.
— NDTV India (@ndtvindia) February 23, 2026
ग्राम प्रधान की शिकायत पर मौके पर पहुंची टीम, सड़क पपड़ी की तरह उखड़ते ही खुला भ्रष्टाचार का राज. मानकों पर खरा उतरने के लिए PWD को दिए सख्त निर्देश.… pic.twitter.com/Ecg2Oy9SfN
PWD अधिकारियों को सख्त निर्देश
भ्रष्टाचार के सबूत सामने आने पर विधायक ने तत्काल PWD के एक्सईएन (XEN) और जेई (JE) से फोन पर बात की और कड़ी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और स्पष्ट कहा है कि सड़क का निर्माण पूरी तरह से मानकों के अनुरूप होना चाहिए. खागा विधायक कृष्णा पासवान ने कहा, "हमारी सरकार में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो सड़कें बन रही हैं, उनकी गुणवत्ता की निगरानी मैं खुद कर रही हूं."
अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार
सड़क निर्माण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा किए गए हमले पर पलटवार करते हुए कृष्णा पासवान ने कहा कि सपा सरकार के दौरान सड़कें गड्ढों से युक्त थीं. उन्होंने कहा, "जब अखिलेश यादव जनपद में आए और उन्होंने देखा कि सड़कें अच्छी बनी हैं, तो वह हताशा में ऐसे बयान दे रहे हैं. मेरे विधानसभा क्षेत्र में जो भी कार्य हो रहे हैं, मैं स्वयं उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित कर रही हूं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं