यूपी एटीएस (UP ATS) ने 23 अप्रैल को नोएडा से बागपत के तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्लाह अली खान व एटा के समीर को गिरफ्तार किया था. वर्तमान में तुषार अपना नाम व धर्म बदलकर मेरठ और समीर दिल्ली में रह रहा था. ये दोनों पाकिस्तानी गैंगस्टर शजहाद भट्टी, आबिद जट और ISIS एजेंट मेजर हमीद, मेजर इकबाल, मेजर अनवर, मोहम्मद हमाद बरकाती के संपर्क में थे. इन्हीं आतंकियों के इशारे पर ये लोग भारत में आतंकी वारदातों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे.
मामले की जांच यूपी एटीएस कर रही है. (ATS) की जांच में एक बेहद गंभीर आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है, जिसमें 5 हिंदूवादी नेताओं की गला रेतकर हत्या करने और उनके घरों पर ग्रेनेड से हमला करने की भी योजना बनाई गई थी.
हिंदूवादी नेताओं को गला रेत कर करने की थी साजिश
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और ISIS के संपर्क में रहने वाले संदिग्ध आतंकी भारत में बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे. इन आतंकियों ने पांच हिंदूवादी नेताओं की गला रेतकर हत्या करने की साजिश रची थी. साजिश के तहत इन सभी के घरों पर भी ग्रेनेड से हमला करना था. एटीएस की जांच में इसका खुलासा हुआ है. अब एटीएस शुक्रवार से आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लेकर और गहनता से पूछताछ करेगी.
5 मर्डर की सुपारी थी 3 लाख, फिर सीधे दुबई
पाकिस्तानी हैंडलर्स ने ब्रेन वॉश किए गए तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्लाह और समीर को इन सभी की हत्या करने के लिए 3 लाख रुपये देने की बात कही थी. 50 हजार एडवांस और 2.5 लाख रुपये वारदात को अंजाम देने के बाद. साथ ही उन्होंने उन दोनों को ये आश्वासन दिया था कि पासपोर्ट बनवाकर सीधे दुबई भेजा जाएगा. साथ ही काम निपटाते ही वहीं पर सेटल कर दिया जाएगा. इससे इंडिया की खुफिया जांच एजेंसी उन तक नहीं पहुंच पाएंगी.
एक्स मुस्लिमों को कॉन्फ्रेंस कॉल पर दी थी धमकी
ATS की जांच में अब तक यह जानकारी सामने आई है कि संदिग्ध आतंकी तुषार और समीर ने एक्स मुस्लिम इमरोज आलम, अंजली आर्या, समीर व सलीम वास्तिक को वॉट्सऐप व अन्य सोशल मीडिया के जरिये कॉल करके इन सभी को इस्लाम छोड़ने की बात पर धमकाया था. ATS को इनके पास बरामद डिवाइस से कॉल रिकॉर्डिंग भी बरामद हुई है.
6 दिन की मिली पुलिस कस्टडी रिमांड
इस पूरे मामले में आतंकी साजिश की तह तक पहुंचने के लिए ATS ने आरोपियों की रिमांड मांगी थी. NIA की स्पेशल कोर्ट में अर्जी दी थी. जस्टिस नीतू पाठक ने गुरुवार को अर्जी पर सुनवाई करते हुए आरोपियों की 6 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की है. आरोपी शुक्रवार की सुबह 11 बजे से 6 मई की शाम 6 बजे तक रिमांड पर रहेंगे. इस दौरान UP ATS इनसे और भी जानकारियां निकालेगी. आपको बता दें कि पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर भारत के कई शहरों में रेकी कर आतंक फैलाने वाले कई संदिग्ध आरोपियों को बीते दिनों यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया है.
पाकिस्तानी कट्टरपंथी इन्फ्लूएंसर के संपर्क में थे दोनों
संदिग्ध आतंकी तुषार और समीर दोनों ही पाकिस्तान कट्टरपंथी इनफ्लुएंसर के संपर्क में थे. इनके ब्रेनवॉश में इन्हीं पाकिस्तानी कट्टरपंथी इनफ्लुएंसर्स का योगदान रहा है. यह कट्टरपंथी इनफ्लुएंसर नए रिक्रूट किए गए लोगों का दीन और पंथ के नाम पर ब्रेनवॉश करते हैं. तुषार भी इसी तरीके से ब्रेनवॉश हो इस्लाम अपना कर हिज्बुल्लाह अली बन गया. यह दोनों ही इसके इशारे पर स्लीपर सेल को मजबूती दे रहे थे और नए लोगों की भर्तियां कराने में भी जुटे थे. इनका काम नए रिक्रूट से दिन पंथ और इस्लाम की बातें करना, एग्रेसिव नेचर रखना और उन्हें हिंदू जन भावना के खिलाफ या गैर मुस्लिम जन भावना के खिलाफ भड़काना था.
ये भी पढ़ें- यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तानी गैंगस्टर्स और ISI के लिए काम कर रहे दो आतंकी नोएडा से गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं