उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव में एक ही परिवार के पांच लोग मृत पाए गए. पति, पत्नी और तीन बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है.
क्या है पूरा मामला?
मृतक मनीष, उसकी पत्नी सीमा और उनके तीन बच्चे- पंकज, प्रियांशी और हनी घर में मृत मिले. पड़ोसियों को सुबह घर का दरवाजा न खुलने पर शक हुआ. दीवार फांदकर अंदर देखा तो सभी के शव कमरे में पड़े थे. सूचना मिलते ही SSP श्लोक कुमार समेत पूरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
पहले परिवार की हत्या, फिर आत्महत्या
स्थानीय सूत्रों ने बड़ा दावा किया है कि मनीष ने पत्नी को लोहे के मूसल से मारा, फिर तीनों बच्चों का रस्सी से गला दबाया, और बाद में बिजली के तार से करंट लगाकर खुदकुशी की. हालांकि पुलिस कह रही है कि सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी.
यह भी पढ़ें- पहले पत्नी-बच्चों को मारा, फिर बिजली के तार पकड़कर दे दी जान... मथुरा में मास सुसाइड केस में चौंकाने वाले खुलासे
अंधविश्वास का एंगल- दोस्त का बड़ा खुलासा
मनीष के एक करीबी दोस्त ने बताया कि पिछले दो सालों से मनीष एक तांत्रिक के संपर्क में था. तंत्र-मंत्र में अंधविश्वास बढ़ता जा रहा था. परिवार में सब कुछ सामान्य था, लेकिन उसका व्यवहार बदल चुका था.
ससुराल वालों का दावा- सब कुछ बिल्कुल सामान्य था
मनीष के ससुराल पक्ष ने कहा, 'वह हमारा इकलौता दामाद था. हमारे सामने सब कुछ ठीक था. किसी तरह का तनाव नहीं था. हंसता-खेलता परिवार था.'
दीवारों पर लिखा सुसाइड नोट और मोबाइल वीडियो
पुलिस को घर की दीवारों पर लिखी गई एक कथित सुसाइड मैसेज मिला है, जिसमें लिखा है, 'हम अपनी मर्जी से मर रहे हैं, किसी को परेशान न किया जाए.' इसके अलावा मनीष के मोबाइल से एक वीडियो भी मिला है जिसमें वह अपनी मर्जी से जान देने की बात कह रहा है.
यह भी पढ़ें- दीवार पर सुसाइड नोट,वीडियो भी बनाया; मथुरा में एक ही परिवार के पांच लोगों की आत्महत्या से सनसनी
पुलिस क्या कह रही है?
SSP श्लोक कुमार के अनुसार, घर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं. हत्या और आत्महत्या- दोनों एंगल पर जांच जारी है. ADG आगरा, अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने कहा, 'फॉरेंसिक टीम हर एंगल से जांच कर रही है. अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी.'
कितने एंगल पर जांच कर रही पुलिस
पुलिस तीन मुख्य एंगल पर काम कर रही है-
- अंधविश्वास और तांत्रिक का प्रभाव
- हत्या के बाद आत्महत्या की थ्योरी
- दूध में जहर मिलाने की शुरुआती आशंका
गांव में मातम और दहशत
घटना के बाद खप्परपुर गांव में गम और दहशत का माहौल है. लोग कह रहे हैं कि यकीन नहीं होता कि एक पूरी फैमिली खत्म हो गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं