उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर बुधवार, 17 जून को ब्राह्मण समाज से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर रही है. इस बैठक में पार्टी के ब्राह्मण सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक समेत कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे. कार्यक्रम में सनातन पांडे, विनय शंकर तिवारी, पवन पांडे और अभिषेक मिश्रा जैसे नेता भी मौजूद रहेंगे.
दरअसल, प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण वोट बैंक का खासा महत्व है. करीब 15 प्रतिशत ब्राह्मण मतदाता लगभग 115 विधानसभा सीटों पर प्रभाव रखते हैं. वहीं, 12 जिले ऐसे हैं जहां ब्राह्मणों की संख्या 15 प्रतिशत से अधिक है. इसके अलावा करीब 100 सीटों पर भले उनकी संख्या कम हो, लेकिन वे हार-जीत में निर्णायक भूमिका निभाते हैं. यह भी माना जाता है कि ब्राह्मण मतदाता न केवल खुद वोट करते हैं, बल्कि माहौल बनाकर अन्य वर्गों के वोट को भी प्रभावित करते हैं.
ब्राह्मण समाज को लेकर नैरेटिव बनाने की कोशिश
उत्तर प्रदेश में एक नैरेटिव यह भी बनाया जाता है कि ब्राह्मण समाज योगी सरकार से नाराज है. इसके लिए विकास दुबे एनकाउंटर से लेकर कुंभ मेले में बटुकों की चोटी पकड़ने जैसी घटनाओं और अन्य एनकाउंटर का हवाला दिया जाता है. इस कार्यक्रम के लिए जनेश्वर मिश्र की जयंती को इसलिए चुना गया है क्योंकि वे समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे हैं और उन्हें मुलायम सिंह यादव समाजवादी विचारधारा का प्रमुख चेहरा बताते थे. उनके सम्मान में लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क भी बनाया गया है. इस कार्यक्रम के जरिए समाजवादी पार्टी ब्राह्मण समाज को लेकर अपनी आगे की रणनीति तय करेगी और सामाजिक समावेश का संदेश देने की कोशिश करेगी.
ये भी पढें : 1983 में जितना तेल था, उतना भी नहीं बचा... ईरान जंग ने कैसे खाली कर दिया अमेरिका का खजाना? समझिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं