विज्ञापन

23 सेकेंड में 12 गोलियां… अलीगढ़ में भाजपा नेताओं के बीच गैंगवार पर अखिलेश यादव का तंज

Aligarh Firing Incident: अलीगढ़ जिले के हकीम सराय में भाजपा नेताओं के बीच फायरिंग हुई, जहां 23 सेकेंड में 12 राउंड फायर हो गए थे. वीडियो वायरल होने के बाद अब अखिलेश यादव की भी टिप्पणी आई है.

23 सेकेंड में 12 गोलियां… अलीगढ़ में भाजपा नेताओं के बीच गैंगवार पर अखिलेश यादव का तंज
बीच रोड पर भाजपा नेताओं के बीच फायरिंग.

Firing Between BJP Grounps: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में भाजपा के दो गुटों के बीच कई राउंड फायरिंग हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस पर अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) का भी रिएक्शन आया है और उन्होंने यूपी सरकार पर तंज कसा है. दरअसल, यह वीडियो अलीगढ़ जिले के बन्ना देवी थाना क्षेत्र के सराय हकीम का है, जो एक सप्ताह पहले का है. पुलिस जैसे-जैसे जांच कर रही है, फायरिंग मामले में खुलासे होते जा रहे हैं.

पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 की रात करीब 8:40 बजे उप निरीक्षक रोहित कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर थे. इसी दौरान उन्हें बारहद्वारी इलाके में गोली चलने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

वर्चस्व की लड़ाई

मौके पर पहुंचकर पुलिस को पता चला कि दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच पहले मारपीट हुई और फिर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई. इस फायरिंग में तीन लोगों को गोली लगी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.

व्यापारियों ने बंद कर दी थी दुकानें

पुलिस की तहरीर के मुताबिक, घटना के दौरान सराय हकीम का मुख्य बाजार पूरी तरह दहशत में आ गया था. फायरिंग की आवाज सुनते ही दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. हालात इतने बिगड़ गए कि पूरे इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए और आम लोगों में भय का माहौल व्याप्त हो गया.

ये लोग थे शामिल

स्थानीय लोगों से पूछताछ में पुलिस को कई नामों की जानकारी मिली. इनमें हर्षद हिन्दू, यश गोयल, अमन पंडित, प्रिंस गोयल, शंशांक पंडित, मोहित शर्मा, अनुराग ठाकुर, हनी शिवाजी, योगी यशनन्दन, हमजा, मन्नू पंडित, प्रखर राठी समेत 10-12 अज्ञात लोग शामिल बताए गए. पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग आपसी गुटबाजी और वर्चस्व की लड़ाई में आमने-सामने आ गए थे और एक-दूसरे पर फायरिंग कर रहे थे.

23 सेकेंड में 12 राउंड फायरिंग

इस पूरे घटनाक्रम के बीच जो सबसे बड़ा खुलासा हुआ है, वह है वायरल वीडियो. 23 सेकंड के इस वीडियो में 12 राउंड फायरिंग की आवाजें रिकॉर्ड हुई हैं, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि असल में यह घटनाक्रम 10 से 15 मिनट तक चला था, जिसमें और भी ज्यादा गोलियां चली होंगी. वीडियो में लोगों की चीख-पुकार, दुकानों के शटर गिरने की आवाज और गोली लगने के बाद घायल युवक को उठाकर ले जाते हुए दृश्य इस घटना की भयावहता को साफ दर्शाते हैं. पुलिस ने अपनी कार्रवाई में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Latest and Breaking News on NDTV

अखिलेश यादव का तंज

अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए सोशल साइट एक्स पर लिखा, ‘23 में 12' ये किसी इम्तिहान का रिजल्ट नहीं है बल्कि अलीगढ़ में भाजपा नेताओं के बीच हुए घमासान में गोलियों के स्नेह आदान-प्रदान का दुर्दांत आंकड़ा है. ये वारदात तब हुई, जब भाजपा के डबल डिब्बों के बीच आपस में 23 सेकंड में 12 राउंड गोलियां चलीं. लोगों को लगा कि कहीं हर काम उल्टा करने वाले भाजपाई होली मिलन में दिवाली तो नहीं मना रहे हैं. दरअसल ये जाते-जाते लूटे माल के बंटवारे की लड़ाई है.

वायरल वीडियो को जांच में शामिल किया

अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल कर लिया गया है और उसमें दिख रहे अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. जो भी व्यक्ति इस घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का साफ कहना है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

ये भी पढ़ें- धुरंधर-2 में अतीक अहमद के ISI से कनेक्शन को लेकर बवाल, समाजवादी पार्टी ने दी यह प्रतिक्रिया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com