विज्ञापन

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में बदलाव नहीं, नृत्य गोपालदास होंगे शामिल, चंपत राय के इस्तीफे पर होगा फैसला

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर चर्चा होनी है.इसके साथ ही मंदिर के दान-पात्रों से प्राप्त राशि की गिनती पर एसआईटी की अंतरिम रिपोर्ट की जानकारी भी दी जाएगी.

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में बदलाव नहीं, नृत्य गोपालदास होंगे शामिल, चंपत राय के इस्तीफे पर होगा फैसला
राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक पर संशय.
  • राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफों को लेकर फैसला लिया जाएगा
  • राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक 6 जुलाई को मणिराम दास छावनी में दोपहर तीन बजे आयोजित होगी
  • बैठक में इस्तीफे पर विचार के साथ एसआईटी की अंतरिम रिपोर्ट भी ट्रस्ट के सामने रखी जाएगी
लखनऊ:

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नाम उछाले जाने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे चुके हैं. हालांकि अब तक उनका इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ है. दोनों के इस्तीफे पर फैसला ट्रस्ट की बैठक में लिया जाना है. लेकिन इस बीच ये टेंशन थी कि राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास बीमार हैं और लखनऊ में भर्ती हैं. ऐसे में अगर वे बैठक में शामिल नहीं होते हैं, तो 6 जुलाई को होने वाली अहम बैठक की अध्यक्षता कौन करेगा. लेकिन अब इसे लेकर सबकुछ साफ हो गया है.

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बहुप्रतीक्षित बैठक 6 जुलाई को ही होगी. ये बैठक दोपहर तीन बजे मणिराम दास छावनी में होगी. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि की ओर से जारी बैठक सूचना में स्पष्ट किया गया है कि बैठक के एजेंडे में सबसे पहले महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र के त्यागपत्र पर विचार होगा. 

ट्रस्ट की बैठक 6 जुलाई को ही होगी

इसके साथ ही राम मंदिर के दान-पात्रों से प्राप्त राशि की गणना के संबंध में एसआईटी की अंतरिम रिपोर्ट भी ट्रस्ट के समक्ष रखी जाएगी. महंत नृत्यगोपाल दास की अध्यक्षता में होने वाली श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की बैठक में मंदिर प्रबंधन की आगामी व्यवस्थाओं पर चर्चा के अलावा वित्त वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का लेखा-जोखा और अन्य वित्तीय विवरणों पर भी विचार कर स्वीकृति दी जाएगी.

ट्रस्ट ने इसे बहुत जरूरी विषयों पर विचार के लिए अल्प सूचना पर बुलाई गई बैठक बताया है.राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण सामने आने के बाद यह ट्रस्ट की पहली औपचारिक बैठक है. पहली बार ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों के त्यागपत्र आधिकारिक एजेंडे में शामिल किए गए हैं. साथ ही एसआईटी की अंतरिम जांच रिपोर्ट पर भी ट्रस्ट चर्चा करेगा. ऐसे में इस बैठक में लिए जाने वाले निर्णय न केवल ट्रस्ट के नेतृत्व, बल्कि मंदिर की वित्तीय व्यवस्था, प्रशासनिक जवाबदेही और भविष्य की कार्यप्रणाली की दिशा भी तय कर सकते हैं. इसलिए देशभर की निगाहें छह जुलाई की इस बैठक पर टिकी हैं.

बैठक में चंपत राय के इस्तीफे पर फैसला

बता दें कि ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसले के साथ ही दान-पात्रों से प्राप्त राशि की गिनती पर एसआईटी की अंतरिम रिपोर्ट की जानकारी भी दी जाएगी. वहीं मंदिर प्रबंधन की आगामी व्यवस्थाओं और खाली पड़े पदों के लिए नामों के चयन को लेकर भी र्चा होगी. इसके साथ ही अध्यक्ष की अनुमति से अन्य जरूरी विषयों पर भी फैसले लिए जाएंगे.

राम मंदिर ट्रस्ट का 5 सालों का खाता होगा ऑडिट

 दान के कथित गबन की जांच कर रही एसआईटी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पिछले पांच सालों के खातों का फिर से ऑडिट करेगी, क्योंकि प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का संकेत मिला है. ये जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने सामने आई है.सूत्रों के मुताबिक, फिर से ऑडिट में निर्माण-संबंधी खर्चे के साथ ही दान में मिले आभूषण और सोने और चांदी की अन्य वस्तुओं को भी शामिल किया जाएगा. पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ की.

चढ़ावा चोरों पर शिकंजा

इस मामले में दान की गिनती के काम में शामिल अविनाश शुक्ला को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और गुरुवार को एक स्थानीय अदालत ने उन्हें 24 घंटे की पुलिस हिरासत में भेज दिया था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्ला, जिनके पास से इस मामले में अब तक सबसे ज्यादा नकदी बरामद हुई है, के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है.

ये भी पढ़ें- बड़ा खुलासा: रोजाना 6 से 8 लाख की चोरी? राम मंदिर से हर दिन एक तिहाई दान उड़ा रहे थे चढ़ावा चोर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ayodhya Ram Mandir  news , Ram Mandir Donation Scam, Ram Mandir Donation Scam Investigation, Champat Rai, Nritya Gopal Das
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com