राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव के पद से हटाए गए चंपत राय दिल्ली पहुंच गए हैं. सोमवार को उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की प्रबंध समिति की बैठक में लिया हिस्सा. बैठक में जाने से पहले अयोध्या जिले के भाजपा से पांचों विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष एवं मेयर समेत तमाम नेताओं ने उनसे मुलाकात की. इस मुलाकात को लेकर धार्मिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है. बैठक के दौरान अयोध्या के राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं और शहर में चर्चाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है.
चंपत राय राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे हैं. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव के रूप में उन्होंने राम मंदिर निर्माण की पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. मंदिर निर्माण से लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं तक उनकी सक्रिय भूमिका रही थी. यही कारण है कि पद छोड़ने के बाद भी उनसे मिलने आने वाले नेताओं, संतों और सामाजिक संगठनों की मुलाकातें चर्चा का विषय बन जाती हैं. सूत्रों के अनुसार इस मुलाकात में अयोध्या नगर के वर्तमान विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रुदौली के विधायक रामचंद्र यादव, गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह, मिल्कीपुर के विधायक चंद्रभान पासवान, बीकापुर के विधायक अमित सिंह चौहान शामिल थे.
इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह के पति रोहित सिंह और वर्तमान महापौर गिरीश पति त्रिपाठी भी शामिल थे. कहा जा रहा है कि इस मुलाकात में राम मंदिर के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या, यातायात की व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने को लेकर बात हुई. इसके अलावा राम मंदिर के आसपास विकसित हो रहे धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को लेकर भी बातचीत होने की चर्चा है. हालांकि बैठक में किन-किन विषयों पर अंतिम रूप से चर्चा हुई, इसे लेकर ट्रस्ट या नेताओं की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
चंपत राय से मिलने को क्यों उमड़ी नेताओं की भीड़, चर्चाएं तेज
माना जा रहा है कि इस मुलाकात में भी इन्हीं विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई. राजनीतिक दृष्टि से भी इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि अभी तक किसी भी राजनीतिक रणनीति, संगठनात्मक बदलाव या विशेष निर्णय को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए इस बैठक को लेकर लगाए जा रहे तमाम कयासों की पुष्टि फिलहाल नहीं की जा सकती. फिलहाल चंपत राय से अयोध्या भाजपा नेताओं की यह मुलाकात शहर से लेकर दिल्ली तक चर्चा का विषय बनी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं