विज्ञापन

अखिलेश यादव से हाथ मिलने का 10000, 'एक्स्ट्रा इनकम' का जुगाड़ क्यों? राजभर ने लगाया वसूली का आरोप

ओपी राजभर ने अखिलेश से शिकायत करते हुए कहा कि आपके यादव कार्यकर्ता मुझसे कहने लगे कि भैया से मिलने जाने पर उनके घेरे के लोग हमसे वसूली करते हैं. कहते हैं कि फोटो खिंचवाने का 5000 लगेगा.

अखिलेश यादव से हाथ मिलने का 10000, 'एक्स्ट्रा इनकम' का जुगाड़ क्यों? राजभर ने लगाया वसूली का आरोप
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर लगाया वसूली का आरोप. (फाइल फोटो)
  • ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर से निशाना साधा है
  • राजभर ने कहा कि यादव कार्यकर्ताओं ने उनसे अखिलेश से मिलने और फोटो खिंचवाने के नाम पर वसूली की शिकायत की
  • राजभर ने चेतावनी दी कि वसूली जारी रही तो आगामी चुनाव में सपा को हार का सामना करना पड़ सकता है
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है. योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के करीबी लोग उनसे मिलने और फोटो खिंचवाने के नाम पर कार्यकर्ताओं से पैसे वसूल रहे हैं.

राजभर ने एक्स पर लिखा, "मित्र अखिलेश जी, आपके कुछ कार्यकर्ता अपने किसी काम से हमारे पास आए. जाति से आपके वाले ही हैं, आपसे बहुत प्रभावित भी हैं. कहते हैं बस भैया की सरकार आ जाए तो 'आ हा हा, मौज आ जाएगी'. बस उन्होंने हमसे आपकी एक शिकायत की. ये शिकायत वो आपके यहां कर नहीं सकते तो मुझसे बताने लगे. मैंने सोचा आप मित्र हैं तो आपको बता देनी चाहिए."

अखिलेश से मिलवाने के नाम पर वसूली कर रहे

राजभर ने आगे लिखा कि आपके यादव कार्यकर्ता मुझसे कहने लगे कि भैया (अखिलेश यादव) से मिलने जाने पर उनके घेरे के लोग हमसे वसूली करते हैं. कहते हैं कि भैया से फोटो खिंचवाने का 5000 रुपए, हाथ मिलवाने का 8000-10,000 रुपए तक और मिलवाने का तो हिसाब किताब ही नहीं है. उन्होंने कहा कि अब मुझे समझ नहीं आया कि धरतीपुत्र के पुत्र यानी आपको ऐसी क्या जरूरत पड़ गई कि अपने धरती पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं से वसूली कर रहे हैं, वो भी आपकी अपनी बिरादरी वालों से. अगर यादव कार्यकर्ता का ये हाल है तो बाकियों का कितना रेट लग रहा आपके यहां?

'एक्स्ट्रा इनकम' का जुगाड़ क्यों?

वहीं राजभर ने आगे लिखा सुना है कि आपकी संपत्ति में 900 गुना बढ़ोतरी हुई. फिर ये 'एक्स्ट्रा इनकम' का जुगाड़ क्यों? आप कार्यकर्ताओं के खून पसीने की कमाई को क्यों चूस रहे हैं? अगर आप खुद ये वसूली करवा रहे तो क्या ही कहें, लेकिन अगर आपके घेरे वाले ये कर रहे हैं तो कुछ कीजिए. हार तो आप वैसे ही रहे हैं, ये सब बंटाधार करा देंगे.

आप सोच रहे होंगे कि कार्यकर्ता आपके, वसूली आपकी, घेरा आपका तो उसमें हम क्यों बीच में आ गए. दो वजह से हमें आना पड़ा. एक तो आप हमें भले दुश्मन समझें लेकिन हम आपको अपना मित्र मानते हैं. दूसरा आपके प्रशंसक, आपके कार्यकर्ता अपना दर्द मुझसे कहते हुए बोले कि मंत्री जी, आप इसको कह दीजिए तो शायद हमारा भला हो जाए. आप बोलेंगे तो अखिलेश भइया जरूर सुनेंगे और समझेंगे. कार्यकर्ता बेचारे गरीब थे तो सोचा आप तक बात पहुंचा दूं.

अपनी मीटिंग का सौदा बंद करवाइए

ओमप्रकाश राजभर ने लिखा कि मित्र के रूप में आपको समझा रहा हूं. अपनी मीटिंग का सौदा बंद करवाइए मित्र, वरना बहुत महंगा पड़ सकता है.उन्होंने कहा कि गेट पर रेट का काउंटर बंद कीजिए. 20 रुपए चंदा मांग कर कार्यकर्ता को मूर्ख मत बनाइए. बाकी ये सिस्टम चालू रखना या बंद कराना आपका काम है. बंद करा देंगे तो अगले साल हमें अच्छा विपक्ष मिलेगा. यही चलता रहा तो हो सकता है अगले साल नेता प्रतिपक्ष बनाने भर की सीट ना आए. जनता तो हराएगी ही, खुद यही प्रताड़ित शोषित कार्यकर्ता ही आपको हरा देंगे.

ये भी पढ़ें-सीटों की दावेदारी में उलझे सपा और कांग्रेस, इधर नितिन नवीन ने यूपी में लकीर खींच दी; किसे मिलेगा फायदा

इनपुट- IANS
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP News, OP Rajbhar On Akhilesh Yadav, Sp Workers, OP Rajbhar, Op Rajbhar Target Akhilesh Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com