मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के माफियाओं को चुनौती देते हुए कहा है कि अब किसी माफिया व गुंडे में दुस्साहस नहीं है कि त्योहारों में उपद्रव कर दे. उन्होंने कहा कि अगर किसी ने रामलीला, यज्ञ-कथा, जन्माष्टमी, रामनवमी, शिवरात्रि, रक्षाबंधन आदि धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डाला तो उसकी रावण व कंस जैसी दुर्गति तय है. किसी ने बेटी व व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाई तो उसका इंतजार यमराज ही करेंगे. अब कोई माफिया खुली जीप में चलकर पिस्टल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका नहीं सकता.
मऊ से अपराधियों को योगी का अल्टीमेटम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मऊ में एक सरकारी कार्यक्रम में सभा को संबोधित कर रहे थे. मऊ मुख्तार अंसारी का जिला था और उसका गढ़ माना जाता था. मऊ में सीएम ने बिना मुख्तार अंसारी का नाम लिए मऊ दंगों की उस तस्वीर के बहाने माफियाओं पर निशाना साधा, जिस तस्वीर में मुख़्तार अंसारी हाथ में हथियार लेकर एक जिप्सी में घूमता हुआ दिखाई दिया था. सीएम योगी ने उसी तस्वीर का ज़िक्र करते हुए कहा कि अब किसी माफिया की हिम्मत नहीं की वो ऐसा कर सके.
'गलत लोगों को चुनने से सुरक्षा में लगती है सेंध'
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छी सरकार विकास लेकर आती है, लेकिन बुरी सरकारें सुरक्षा में सेंध लगा देती हैं. उन्होंने कहा कि विकास बिना भेदभाव नागरिकों के जीवन स्तर को उठाने का माध्यम होता है. सड़क या पुल जाति पूछकर नहीं चलने देते, स्वास्थ्य केंद्र जाति पूछकर उपचार और बाढ़ सुरक्षा के कार्य जाति पूछकर बचाव नहीं करते. जब अच्छे लोग चुने जाते हैं तो अच्छी सरकार आती है. जब गलत लोग चुने जाते हैं तो सुरक्षा में सेंध लगती है.
'2017 से पहले यूपी का यही हाल था'
मऊ में सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश का यही हाल था. जिन लोगों की उम्र 30-35 वर्ष से ऊपर है, वे भूले नहीं होंगे कि 21 साल पहले 2005 में भरत-मिलाप कार्यक्रम पर दंगा कर मऊ को जलाने का प्रयास हुआ था. सत्ता के संरक्षण में माफिया रामलीला आयोजन में व्यवधान पैदा कर निर्दोष हिंदुओं का कत्लेआम कर रहे थे. अब किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि वो ऐसा कुछ कर सके.
सपा पर सीएम योगी ने जमकर बोला हमला
समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए सीएम ने कहा कि माफिया को देखकर सपा का पसीना छूटता था, इनके मुंह से आवाज नहीं निकलती थी. माफिया के सामने नतमस्तक व नाक रगड़ने वाली सरकार मौन थी और यहां की सुरक्षा खतरे में थी. अराजकता का तांडव था. जनता यदि चंदा जुटाकर रामलीला, रामनवमी, यज्ञ, जन्माष्टमी, शिवरात्रि का आयोजन करती थी तो उसमें व्यवधान पैदा किया जाता था. शोहदे बेटियों का अपहरण करते थे, व्यापारी सूर्यास्त से पहले प्रतिष्ठान बंद करने को मजबूर थे.
सीएम ने कहा कि आज प्रदेश में 65 लाख गरीबों को आवास, पौने तीन करोड़ गरीबों के घरों में शौचालय, 16 करोड़ गरीबों को निःशुल्क राशन मिल रहा है. उपदेश देने वाले सपाइयों से पूछिए कि चार बार शासन करने के बाद भी उन्होंने और लगभग 50 वर्ष तक शासन करने वाली कांग्रेस ने यह कार्य क्यों नहीं किया. कांग्रेस-सपा सरकार में उनके गुंडे गरीब का राशन खा जाते थे और गरीब टकटकी लगाकर देखता था. सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में विकास अभियान बिना रुके, बिना झुके, बिना डिगे, बिना थके चल रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं