विज्ञापन

लखनऊ प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस: संदीप सिंह हत्याकांड में 1 लाख इनामी गंगाराम यादव अरेस्ट

लखनऊ प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में 1 लाख इनामी गंगाराम यादव को गिरफ्तार किया है. 27 मई को संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

लखनऊ प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस: संदीप सिंह हत्याकांड में 1 लाख इनामी गंगाराम यादव अरेस्ट
आरोपी गंगाराम यादव गिरफ्तार (NDTV)
लखनऊ:

लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में STF को बड़ी कामयाबी मिली है. STF ने एक लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को आलमबाग बस स्टेशन के पास से देर रात दबोचा गया. गौरतलब है कि 27 मई 2026 को पीजीआई क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी.

गंगाराम को भी किया गया गिरफ्तार

मामले में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज किया गया था. STF पहले ही मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. गिरफ्तार गंगाराम यादव अंबेडकरनगर जिले का रहने वाला है. आरोपी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. पूछताछ में उसने शूटरों की व्यवस्था कराने की बात स्वीकार की है. आरोपी ने दिनेश कुमार यादव और उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर मदद करने की बात कही. गिरफ्तार आरोपी को पीजीआई पुलिस के सुपुर्द कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. गौरतलब है कि 27 मई को हुई हत्या के मामले में पुलिस मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार यादव और मुकर्रबीन उर्फ मुबीन निवासी अंबेडकरनगर के रूप में हुई है. एसटीएफ ने घटना में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट, नकदी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं. मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

मुबीन की गिरफ्तारी से खुला राज 

संदीप सिंह की गोली मारकर हुई हत्या की घटना के संबंध में थाना पीजीआई में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी. पुलिस ने मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार कर लिया था. मुबीन से पूछताछ के आधार पर दिनेश कुमार यादव को पूछताछ के लिए एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ बुलाया गया. दिनेश यादव से पूछताछ के आधार पर पर्याप्त साक्ष्य पाये जाने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में मुकर्रबीन उर्फ मुबीन ने बताया था कि वह ड्राइवर है और 2016 से दिनेश कुमार यादव की गाड़ी चलाता है. दिनेश यादव विभिन्न स्थानों पर प्रॉपर्टी का कार्य करता है. उसका संदीप सिंह से समदा स्थित जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण संदीप सिंह द्वारा लगातार मुकदमेबाजी एवं शिकायतें की जा रही थीं. इसके वजह से दिनेश यादव काफी परेशान रहता था.

दिनेश संदीप को रास्ते से हटाने की सोच रहा था 

उसने बताया था कि इसी बात से परेशान होकर दिनेश यादव ने मुझसे कहा था कि अब संदीप सिंह को रास्ते से हटाना ही पड़ेगा. इस बात पर मैंने संदीप सिंह की हत्या के लिए एक आदमी से बातचीत करके 5 लाख रुपये में बात तय की थी. उस व्यक्ति ने 2 शूटर बुलवाया था, जिसके लखनऊ में रहने आदि की व्यवस्था मैंने की थी. दिनेश यादव के कहने पर शूटरों को संदीप सिंह के आने-जाने का रूट दिखाया.  इस घटना को अंजाम देने के लिए एक मोटर साइकिल की आवश्यकता थी, जिसे खरीदने के लिए दिनेश कुमार यादव द्वारा मुझे पैसा दिया था. इस पैसे से अमीनाबाद से एक सेकेंड हैंड अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी. जिस पर वास्तविक नम्बर प्लेट हटाकर फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर कई बार रेकी की गई और घटना को अंजाम दिया गया था. 

दिनेश पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे 

दिनेश कुमार यादव के बताए अनुसार शूटरों द्वारा 27 मई को घटना को अंजाम देने के लिए कहा गया था. मुबीन ने बताया कि बकरीद का त्यौहार होने के बहाने मैं घर चला गया था और दिनेश कुमार यादव भी कहीं जाने वाला था, जिससे कि घटना के दिन हम लोगों की मौजूदगी जनपद लखनऊ में न रहे. 27 मई के दोपहर में शूटरों द्वारा फोन करके बताया गया कि संदीप सिंह की हत्या हो गयी है. मुख्य आरोपी दिनेश के खिलाफ 9 मुकदमे पहले से दर्ज हैं.

लेखक के बारे में
img
अजय कुमार दुबे
Senior Special Correspondent
पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. राजनीतिक, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम से जुड़ी खबरों में जिज्ञासा. उत्तर प्रदेश की राजनीतिक खबरों गतिविधियों पर पैनी नजर. एबी... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Crime News, Yogi Adityanath
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com