Lucknow Metro Mega Project: लखनऊ मेट्रो के महाविस्तार के तहत शहर में 170 किलोमीटर का नया ट्रैक बिछाया जाएगा और 10 नए कॉरिडोर बनाए जाएंगे. इस मेगा प्रोजेक्ट पर करीब 30,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसे अगले 10 वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. दूसरे चरण के निर्माण कार्यों (Lucknow Metro Phase 2) की तैयारी तेजी से चल रही है. वही लखनऊ के अलावा आगरा, कानपुर मेट्रो का भी विस्तार की योजना है. जरुरत के आधार पर यहां मेट्रो चलाई जाएगी, जिसके लिए DPR बनाई जा रही है.
अयोध्या रोड पर बाराबंकी तक, सीतापुर रोड पर इटौंजा तक, कानपुर रोड पर उन्नाव तक, हरदोई रोड पर संडीला तक के अतिरिक्त इसका PGI और मोहनलालगंज तक विस्तार किया जाएगा. एयरपोर्ट से मुंशी पुलिया वाली मेट्रो लाइन को आगे तक बढ़ाया जाएगा. अनुमान के मुताबिक, मेट्रो विस्तार होने से लखनऊ की 35 से 40 लाख की आबादी को इसका लाभ मिलेगा.
अब मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन इसकी DPR तैयार कर रहा है और खुद सीएम, मुख्य सचिव के जरिए इसकी निगरानी कर रहे हैं.
इन इलाकों तक मेट्रो पहुंचेगी
लखनऊ मेट्रो के महाविस्तार से पीजीआई, मोहनलालगंज, राजाजीपुरम, काकोरी, दुबग्गा, गोसाईंगंज, बंथरा, मलिहाबाद, रहीमाबाद, कमता, चिनहट, मटियारी, बीबीडी, तिवारीगंज, सफेदाबाद, बख्शी का तालाब, मड़ियांव, केशवनगर, आईआईएम, बृज की रसोई और जानकीपुरम जैसे दर्जनों इलाके सीधे मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे.
मेट्रो के विस्तार पर क्या बोले लखनऊ के लोग?
राजधानी लखनऊ में मेट्रो के विस्तार के लिए कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है, इसके तहत 170 किलोमीटर का ट्रैक बिछाया जाएगा. जिससे लखनऊ की करीब 35 लाख की आबादी को इसका फायदा मिलेगा. एनडीटीवी ने लखनऊ मेट्रो विस्तार को लेकर लखनऊवासियों से बातचीत की.
'जाम से मिलेगा छुटकारा'
लखनऊ मेट्रो से रोजाना यात्रा करने वाले यात्री अमित सिंह ने बताया कि लखनऊ मेट्रो का विस्तार करना बहुत ही अच्छा कदम है. खास तौर पर हम जैसे नौकरीपेशा लोगों के लिए यह सबसे बेस्ट है, क्योंकि हम ज्यादा दूरी कम समय में और कम पैसे में मेट्रो के द्वारा ही कर पाते हैं. साथ ही ट्रांसपोर्टेशन भी बढ़िया होगा. जाम से छुटकारा मिलेगा.
विशाल सिंह ने बताया कि यह बहुत जरूरी था, क्योंकि आधा शहर ही लखनऊ मेट्रो का लाभ ले पता था. अब और लोग भी मेट्रो की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.
'लोगों को फायदा होगा'
यात्रा कर रहे एक और यात्री पंकज ने एनडीटीवी से बताया कि लखनऊ मेट्रो की सेवा बहुत अच्छी है. इसके विस्तार की योजना लोगों को फायदा देगी. अधिक संख्या में लोग लखनऊ मेट्रो से जुड़ेंगे, जिससे लखनऊ मेट्रो की इनकम भी बढ़ेगी और और बेहतर सुविधाएं लखनऊ मेट्रो अपने यात्रियों को दे पाएगा.
दीपू सिंह ने बताया कि सरकार का यह कदम बहुत अच्छा है. इससे लखनऊ के गांव की आबादी बीएफ मेट्रो में सफर कर सकेगी, जिससे जाम की समस्या से उनको राहत मिलेगी.
ये भी पढ़ें: शिवपुरी में डॉक्टर की पीट-पीट कर लोगों ने कर दी हत्या, गुस्साई भीड़ ने थाने को घेरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं