लखनऊ अग्निकांड के बाद अब कानपुर में प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है. शहर के कोचिंग हब काकादेव में बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए Allen समेत कई नामी कोचिंग संस्थानों को बंद कराया गया है. बिना फायर एनओसी और अवैध निर्माण के खिलाफ चली इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
लखनऊ हादसे के बाद प्रशासन एक्शन मोड में
राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद कानपुर जिला प्रशासन और कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है. शहर भर में अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कमर्शियल प्रतिष्ठानों पर नजर रखी जा रही है. खासकर फायर एनओसी के बिना चल रहे संस्थानों पर कार्रवाई तेज कर दी है.
काकादेव कोचिंग हब में अचानक छापेमारी
मंगलवार को KDA की टीम भारी पुलिस बल के साथ काकादेव पहुंची, जिसे शहर का सबसे बड़ा कोचिंग एरिया माना जाता है. टीम के पहुंचते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अचानक हुई इस कार्रवाई से कई कोचिंग संचालक अपने-अपने संस्थानों की स्थिति को लेकर परेशान नजर आए.
Allen कोचिंग समेत कई संस्थान बंद
कार्रवाई के दौरान सबसे बड़ा कदम तब देखने को मिला जब प्रसिद्ध Allen कोचिंग इंस्टीट्यूट को मौके पर ही बंद करा दिया गया. इसके अलावा कई अन्य बड़े कोचिंग सेंटर, जो जरूरी मानकों का पालन नहीं कर रहे थे, उन्हें भी सील कर दिया. प्रशासन ने साफ किया कि नियमों से समझौता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
फायर NOC और अवैध निर्माण पर सख्ती
KDA के अधिकारियों के अनुसार, शहर में ऐसे सभी भवनों की जांच की जा रही है जो बिना स्वीकृत नक्शे के बने हैं या जिनमें अवैध बेसमेंट बनाए हैं. जिन संस्थानों के पास फायर ब्रिगेड की एनओसी नहीं है, उन पर खास नजर रखी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को नहीं छोड़ा जाएगा.
कई जगह पहले हो चुकी कार्रवाई
कानपुर में इस समय KDA की चार टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं. इससे पहले सोमवार देर शाम को भी शहर के विभिन्न हिस्सों में 16 व्यावसायिक स्थानों को सील किया गया था. अब यह अभियान और तेज कर दिया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं