Swing Accident Viral Video: यूपी के कुशीनगर में आधी रात को मौज‑मस्ती का माहौल पलभर में दहशत में बदल गया. मेले में घूम रहे लोग जब झूले का लुत्फ उठा रहे थे, तभी अचानक चलते झूले के गिरने से अफरा‑तफरी मच गई. इस हादसे में 14 लोग घायल हो गए. झूले के गिरने का लाइव वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामला कुशीनगर के खड्डा तहसील के भैंसहां गांव का बताया जा रहा है, जहां नारायणी नदी के किनारे प्राचीन दुर्गा मंदिर परिसर में मेला लगा हुआ था.
यह हादसा आधी रात उस वक्त हुआ, जब मेले में भारी भीड़ मौजूद थी. भैंसहां गांव में लगे मेले में दूर‑दराज से लोग आए हुए थे. यूपी और बिहार से आए श्रद्धालु और ग्रामीण झूले का आनंद ले रहे थे. तभी अचानक बीच झूलते समय झूला असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा.
उदय सिंह की रिपोर्ट...
चलते झूले का पिलर गिरा, फिर हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झूला चलते‑चलते अचानक एक साइड का पिलर टूट गया. पिलर गिरते ही पूरा झूला धराशायी हो गया. गिरते समय झूले में बैठे लोग इधर‑उधर उछल गए. हादसे के दौरान चीख‑पुकार मच गई और मेले में भगदड़ जैसे हालात बन गए.
मेले में आए व्यक्ति ने बनाया वीडियो
इस पूरे हादसे का वीडियो मेले में मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे झूला चलते‑चलते एक तरफ झुकता है और फिर पूरी तरह नीचे गिर जाता है. वीडियो के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया और यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
14 लोग हुए घायल, मची भगदड़
झूला गिरते ही मौके पर अफरा‑तफरी मच गई. लोग अपने‑अपने बच्चों और परिवार वालों को खोजते नजर आए. इस हादसे में 14 लोग घायल हो गए. कुछ को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की टीम ने घायलों का इलाज शुरू किया. राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन हादसे ने लोगों को दहला दिया.
ऑपरेटर की लापरवाही आई सामने
जानकारी के मुताबिक, झूले में पहले ही चार चक्कर के बाद तकनीकी खराबी सामने आ गई थी. इसके बावजूद झूला संचालक ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और झूला चलाता रहा. यही लापरवाही हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है. हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आया. झूला संचालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि झूले की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच हुई थी या नहीं.
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर मेलों में लगने वाले झूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजनों में बच्चों और आम लोगों की जान की कोई कीमत नहीं समझी जाती, जबकि थोड़ी सी सतर्कता बड़े हादसे को टाल सकती थी. यह हादसा प्रशासन और आयोजकों के लिए एक चेतावनी है कि मनोरंजन के नाम पर की जा रही लापरवाही किसी भी पल जानलेवा साबित हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं