विज्ञापन

कानपुर : तेज रोशनी से चकाचौंध हुई आंखें, पुलिया से टकराने के बाद बाइक समेत नहर में गिरा युवक, तलाश जारी

कानपुर देहात के रनिया क्षेत्र में तेज रोशनी से बाइक का संतुलन बिगड़ने पर अनिल नहर में गिरकर लापता हो गए. पुलिस और गोताखोर रातभर तलाश में जुटे हैं.

कानपुर : तेज रोशनी से चकाचौंध हुई आंखें, पुलिया से टकराने के बाद बाइक समेत नहर में गिरा युवक, तलाश जारी
तेज हेडलाइट बनी हादसे की वजह
  • कानपुर देहात के रनिया थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार अनिल तेज हेडलाइट की चकाचौंध से नहर में गिरकर लापता
  • अनिल अपने साथी के बेटी की शादी से लौट रहे थे, तभी श्यामपुर बंबा के पास बाइक का संतुलन बिगड़ गया था
  • पुलिसकर्मी अंधेरे में नहर में छलांग लगाकर अनिल को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली है
कानपुर:

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के रनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक परिवार के लिए काल बनकर आई. रनिया थाना क्षेत्र के श्यामपुर बंबा के पास हुए एक हादसे में मोटरसाइकिल सवार 35 वर्षीय अनिल गहरे पानी में गिरकर लापता हो गए, जिनकी तलाश में प्रशासन पूरी रात जद्दोजहद करता रहा. बर्रा, कानपुर के रहने वाले अनिल (35) शुक्रवार को अपने साथी कर्मचारी लक्ष्मी कांत पांडेय की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए गजनेर गए थे. वहीं से लौटते वक्त ये हादसा हुआ.

शादी से लौट रहे थे, तेज हेडलाइट बनी हादसे की वजह

अनिल रात करीब 11:30 बजे वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ बाइक से वापस कानपुर लौट रहे थे. श्यामपुर बंबा के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे एक वाहन की तेज हेडलाइट ने उनकी आंखों को चकाचौंध कर दिया. रोशनी के कारण अनिल की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे नहर की पुलिया से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठे पंकज पांडे सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि बाइक चला रहे अनिल उछलकर सीधे बंबे (नहर) के गहरे पानी में जा गिरे.

ये भी पढ़ें : बुर्का पहन हरिद्वार से लाईं कांवड़, ये हैं संभल की शिवभक्‍त तमन्‍ना मलिक

पुलिसकर्मियों ने दिखाई बहादुरी, अंधेरे में नहर में कूदा रेस्क्यू दल

हादसे की सूचना मिलते ही रनिया थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह अपने दल-बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना रेस्क्यू शुरू किया. थाने में तैनात हेड कांस्टेबल संजय भदौरिया और सिपाही नरेंद्र राणा ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए युवक को बचाने के लिए अंधेरे में ही उफनते बंबे में छलांग लगा दी. हालांकि, पानी का बहाव और गहरा अंधेरा होने के कारण काफी मशक्कत के बाद भी अनिल का कुछ पता नहीं चल सका. इसके बाद फायर सर्विस और पेशेवर गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया गया. 

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, फैक्ट्री में काम करते थे अनिल 

अनिल एस. पैकेजर्स फैक्ट्री में काम करते थे. उनके लापता होने की खबर मिलते ही पत्नी सोमवाती और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार अनिल सुबह 7 बजे यह कहकर घर से निकले थे कि वह शादी समारोह में जा रहे हैं, लेकिन रात में साथी द्वारा एक्सीडेंट की खबर परिवार को दी गई. अनिल के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं. जिनमें बेटी नायसा (21 वर्ष) और बेटा प्रिंस (16 वर्ष) है.

ये भी पढ़ें : आश्रम में यौन शोषण का आरोप, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कोर्ट पहुंचे शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष महाराज

पुलिस और गोताखोर लगातार तलाश में जुटे

रनिया थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार अनिल की तलाश कर रही हैं. आसपास के थाना क्षेत्रों और इलाकों में भी युवक के हुलिए और घटना की जानकारी भेज दी गई है, ताकि कोई भी सुराग मिल सके. फिलहाल, कई घंटों की तलाश के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका है.

लेखक के बारे में
img
arun aggarwal
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kanpur Dehat Accident, Raniya Incident, Shyampur Bamba Accident, Biker Fell In Canal, Anil Missing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com