विज्ञापन

आश्रम में यौन शोषण का आरोप, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कोर्ट पहुंचे शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष महाराज

शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी की अर्जी पर अब तक दो तारीखों पर एडीजे रेप एंड पोक्सो स्पेशल कोर्ट में सुनवाई भी हो चुकी है. इस मामले में वादी आशुतोष ब्रह्मचारी के कोर्ट में बयान दर्ज हो चुके हैं.

आश्रम में यौन शोषण का आरोप, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कोर्ट पहुंचे शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष महाराज
  • स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती फिर विवादों में हैं. इस बार उन पर बच्चों के यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं.
  • श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी ने प्रयागराज जिला कोर्ट में शिकायत की.
  • कोर्ट में सुनवाई जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है, अगली सुनवाई 13 फरवरी को होगी.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

प्रयागराज में माघ मेले के दौरान विवादों में रहे ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को लेकर अब नया विवाद उठ खड़ा हुआ है. स्‍वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर उनकी सेवा में लगे आश्रम के बच्चों के साथ यौन शोषण के गंभीर आरोप हैं. यह आरोप श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष और शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी ने लगाए हैं. इन आरोपों को लेकर उन्‍होंने प्रयागराज जिला कोर्ट में 28 जनवरी को 173(4) के तहत एक कंप्लेंट रजिस्टर करने के लिए अर्जी दाखिल की है. हालांकि स्‍वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि यह हमारे गोरक्षा आंदोलन को दबाने का प्रयास है.

शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी की अर्जी पर अब तक दो तारीखों पर एडीजे रेप एंड पोक्सो स्पेशल कोर्ट में सुनवाई भी हो चुकी है. इस मामले में वादी आशुतोष ब्रह्मचारी के कोर्ट में बयान दर्ज हो चुके हैं. कोर्ट के आदेश पर प्रयागराज पुलिस भी मामले की जांच पड़ताल कर रही है. 

नाबालिग ने लगाया आरोप!

गौरतलब है श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष और शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद मामले में भी वादी है. आशुतोष महाराज ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर आरोप लगाया है कि माघ मेले के दौरान एक नाबालिग और एक बालिग बच्चा उनके पास आया था, जिसने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर कुकर्म का गंभीर आरोप लगाया था. हालांकि जो बच्चा बालिग हो गया है उसके साथ कुकर्म की घटना उस समय हुई थी, जबकि वह नाबालिग था. 

सिर्फ मुझे बदनाम करने... स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का पक्ष 

वहीं, इस मुद्दे पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बयान भी सामने आया है. उन्होंने कहा कि जब चारों शंकराचार्य बैठेंगे तब बात करेंगे. अभी तो हमारे ऊपर आरोप लगाए गए है. हम इसका प्रमाण कोर्ट में प्रस्तुत कर चुके है. दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए. दो महीने में या जल्द ही अदालत इसका फैसला करेगी. इसपर विचारण जल्द होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जो एक्ट मेरे ऊपर लगाया गया है इस एक्ट में यह नियम है कि ना तो बच्चे की पहचान को पहचान को उजागर किया जाए और ना ही किसी दूसरे की पहचान को सामने लाया जाए. फिर भी ऐसा किया जा रहा है. सिर्फ मुझे बदनाम करने के लिए ऐसा किया जा रहा है. जनता सब समझ रही है और देख रही है. गौ माता को प्रतिष्ठा देनी होगी. हमारे हमारे ऊपर जितने भी आरोप लगाए जाएं, लेकिन हम रुकेंगे नहीं. झूठे आरोप लगाने के बावजूद हमारा मनोबल बढ़ता रहेगा. दूषित मानसिकता के चलते सिर्फ मुझे आरोप लगाकर फसाया जा रहा है. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि माता की प्रतिष्ठा की आवाज उठाने का ये खामियाजा मुझे भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि मुझ पर ऐसा आरोप लगाया गया है, जिसकी सब समाज में कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है, लेकिन मैं डरने वाला नहीं क्योंकि सांच को आंच भी नहीं.

13 फरवरी को होगी सुनवाई

आरोप लगाया गया है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के शिष्य ही इन बच्चों पर गुरु सेवा के नाम पर संबंध बनाने का दबाव बनाते थे. आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा है कि कोर्ट ने इस मामले में झूंसी थाना पुलिस से रिपोर्ट भी मांगी थी लेकिन कोर्ट पुलिस की रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हुई और कोर्ट ने अगली तारीख 13 फरवरी की लगा दी. 

आशुतोष ब्रह्मचारी के मुताबिक पीड़ित बच्चों के बयानों और गंभीर और ठोस साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने झूंसी थाने में सबसे पहले मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस के मुकदमा न दर्ज करने पर उन्हें कोर्ट की शरण में जाना पड़ा.  

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कई सबूत: ब्रह्मचारी

शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया है कि उनके संपर्क में कई ऐसे नाबालिक बच्चे हैं जिनका स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा कथित यौन शोषण किया गया है. उन्होंने कहा है कि उनके पास स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ कई सबूत भी मौजूद है जिसे उन्होंने अदालत को सौंप दिया है. आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस मामले में कोर्ट से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गुहार लगाई है. 
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com