- मिर्जापुर और देवरिया की पूर्व DM दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को आईएएस पद से इस्तीफा दिया।
- IAS दिव्या मित्तल ने ने कहा कि 13 साल की सेवा के बाद अपने फैसले को सोच-विचार कर लिया है.
- यूपी कैडर से अभिषेक सिंह व एमपी कैडर से रोमन सैनी भी IAS से त्यागपत्र दे चुके हैं.
IAS Divya Mittal: मिर्जापुर और देवरिया की पूर्व डीएम दिव्या मित्तल ने आईएएस की नौकरी छोड़ दी है. 30 अगस्त 2026 को दिव्या मित्तल ने अपने इस्तीफे की जानकारी सार्वजनिक की. दिव्या मित्तल से पहले भी कई चर्चित आईएएस अधिकारियों का भारतीय प्रशासनिक सेवा से मोहभंग हो चुका है. इस्तीफा देने वाले आईएएस अधिकारियों में अभिषेक सिंह और रोमन सैनी जैसे कई चर्चित अफसरों के नाम शामिल हैं.
आईएएस दिव्या मित्तल
यूपी कैडर में 2013 बैच की आईएएस दिव्या मित्तल ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने 13 साल की सेवा यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए आईएएस पद से त्यागपत्र दे दिया है. इस जानकारी के साथ ही दिव्या मित्तल ने एक साधारण परिवेश में पली-बढ़ी होने के अलावा आईआईटी दिल्ली व आईआईएम बैंगलोर में पढ़ाई और लंदन में नौकरी की यादें साझा कीं. इसके साथ ही उन्होंने मिर्जापुर और देवरिया में अपने डीएम के कार्यकाल को भी याद किया.
वहीं, एनडीटीवी से बातचीत में दिव्या मित्तल ने कहा कि उनका इस्तीफा किसी तात्कालिक ट्रिगर मोमेंट का परिणाम नहीं है, बल्कि उन्होंने बहुत सोच-विचार के बाद यह फैसला लिया है. उन्होंने इस्तीफे के बाद राजनीति में जाने से भी साफ इनकार किया.
पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह
उत्तर प्रदेश कैडर के 2011 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह भी इस्तीफा देकर भारतीय प्रशासनिक सेवा समाप्त कर चुके हैं. यूपी के जौनपुर के रहने वाले अभिषेक सिंह उस वक्त चर्चा में आए थे, जब साल 2022 में चुनाव आयोग ने उन्हें गुजरात विधानसभा चुनाव में ऑब्जर्वर नियुक्त किया था और उन्होंने अपनी चुनावी ऑब्जर्वर वाली गाड़ी के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट कर दी थीं. तब चुनाव आयोग ने सख्त एक्शन लेते हुए उन्हें चुनाव ड्यूटी से हटा दिया था.
अक्टूबर 2023 में अभिषेक सिंह ने आईएएस पद से इस्तीफा दे दिया था, जो मार्च 2024 में मंजूर हो गया. अभिषेक सिंह की पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल भी यूपी कैडर में आईएएस अधिकारी हैं. दुर्गा शक्ति नागपाल हाल ही में एक केस के सिलसिले में जज को कथित तौर पर फोन करने के कारण चर्चा में रही हैं. असल जिंदगी में प्यार में धोखा खाकर यूपीएससी क्रैक करने वाले अभिषेक सिंह बॉलीवुड में भी सक्रिय रहे हैं. वे 'तुझे भूलना तो चाहा' और 'दिल तोड़ के' आदि गानों और सनी लियोनी के साथ रैप सॉन्ग में एक्टिंग का जलवा दिखा चुके हैं.
पूर्व आईएएस रोमन सैनी
आईएएस छोड़ने वालों की सूची में रोमन सैनी का नाम भी शामिल है. मध्य प्रदेश कैडर में 2014 बैच के आईएएस रहे रोमन सैनी ने महज 22 साल की उम्र में यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा AIR 18 रैंक के साथ क्रैक की थी. यूपीएससी क्रैक करने के बाद रोमन सैनी ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में सहायक कलेक्टर के पद पर कुछ समय तक सेवाएं दीं. फिर साल 2015-16 में उन्होंने आईएएस पद से इस्तीफा दे दिया.
आईएएस से इस्तीफा देने के बाद रोमन सैनी ने अपने दोस्तों गौरव मुंजाल और हिमेश सिंह के साथ मिलकर Unacademy ऑनलाइन एजुकेशन प्लेटफॉर्म की शुरुआत की. अनअकैडमी न केवल देश के सबसे बड़े शिक्षण मंचों में से एक है, बल्कि इसका टर्नओवर भी करोड़ों में आंका जाता है. पहले डॉक्टर और फिर आईएएस बनने वाले रोमन सैनी मूल रूप से राजस्थान में जयपुर के पास कोटपूतली के रहने वाले हैं.
दिव्या मित्तल के इस्तीफे से संबंधित खबरें
यह भी पढ़ें- IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर सियासत: राहुल गांधी से मुलाकात, UP चुनाव 2027 से कनेक्शन की सच्चाई क्या?
यह भी पढ़ें- कर्ज चुकाना था... IIT दिल्ली, IIM बेंगलुरु से पढ़ीं IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा, कई जिलों में रहीं DM
यह भी पढ़ें- 'करप्शन इतना है कि ईमानदार अधिकारी काम नहीं कर पा रहे हैं', IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर बोले अखिलेश यादव
यह भी पढ़ें- IIT-IIM से पढ़ाई, फिर UPSC की तैयारी, ऐसे IAS बनीं दिव्या मित्तल; पढ़ें Success Story
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं