- यूपीएससी टॉपर कनिष्क कटारिया और शुभम कुमार ने आईआईटी बॉम्बे से बीटेक की डिग्री ली.
- आईआईटी बॉम्बे इन दिनों छात्र सुसाइड केस को लेकर सुर्खियों में है.
- कनिष्क कटारिया राजस्थान और शुभम कुमार बिहार कैडर में आईएएस हैं.
IIT बॉम्बे... यह वही संस्थान है, जिसे बेहतरीन पढ़ाई और भारत की तरक्की में योगदान के लिए सिरमौर माना जाता है, तो कभी इसी कैंपस से छात्रों की सुसाइड की खबरें देश में हर किसी को झकझोर देती हैं. मुंबई के पवई स्थित इस भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान का चार नंबर छात्रावास18 सितंबर 2026 से एक गहरे सन्नाटे और मायूसी के आगोश में है, जहां आईआईटी बॉम्बे के होनहार छात्र साहिल रवींद्र वाकोडे का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला.
बीते सात माह में आईआईटी बॉम्बे में सुसाइड का यह तीसरा केस है. लेकिन ऐसे हादसों की इस स्याह तस्वीर से इतर, इसी संस्थान की मिट्टी ने ऐसे युवाओं को भी तराशा है, जिन्होंने भारत में सबसे कठिन मानी जाने वाली संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में टॉपर बनकर इतिहास रच डाला.

IAS कनिष्क कटारिया ने IIT बॉम्बे से बीटेक करने के बाद यूपीएससी 2018 में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया.
1. कनिष्क कटारिया, यूपीएससी टॉपर 2018
कनिष्क कटारिया ने आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री ली. बीटेक के बाद कनिष्क को साउथ कोरिया में एक कंपनी में 1 करोड़ रुपये के सालाना पैकेज वाली जॉब मिली. कुछ समय नौकरी करने के बाद कनिष्क इंडिया लौटे और संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2018 दी.
यूपीएससी में कनिष्क कटारिया को देशभर में नंबर वन रैंक मिली. 2019 बैच के आईएएस अधिकारी के तौर पर उन्हें होम कैडर राजस्थान अलॉट हुआ. 17 अक्टूबर 1992 को जन्मे कटारिया जयपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में आयुक्त, भरतपुर विकास प्राधिकरण के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें- IIT बॉम्बे के छात्र साहिल के सुसाइड केस में जातिगत भेदभाव का भी आरोप, FIR में SC-ST एक्ट भी जुड़ा

IAS शुभम कुमार ने IIT बॉम्बे से साल 2018 में बीटेक की डिग्री ली और यूपीएससी 2021 में नंबर वन रैंक हासिल की.
2. शुभम कुमार, यूपीएससी टॉपर 2020
आईआईटी बॉम्बे से बीटेक करने के बाद यूपीएससी टॉपर बनने वालों में बिहार के शुभम कुमार का नाम भी शामिल है. बिहार के कटिहार जिले के कड़वा प्रखंड स्थित कुमहरी गांव के रहने वाले शुभम कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2020 में पहला स्थान प्राप्त किया.
शुभम कुमार ने पूर्णिया और पटना से स्कूली शिक्षा पूरी की. फिर जेईई पास करके आईआईटी बॉम्बे में दाखिला लिया. यहां से साल 2018 में सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया और अपने तीसरे प्रयास में यूपीएससी टॉपर बने. बिहार कैडर के 2021 बैच के आईएएस अधिकारी शुभम कुमार वर्तमान में पटना में पोस्टेड हैं.
यह भी पढ़ें- IIT दिल्ली से पढ़कर IPS बनीं Gen Z जया शर्मा, हरियाणा पुलिस की DSP ने कर दिखाया कमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं